हनुमानगढ़। द्वितीय चरण के नगर निकाय चुनाव के दौरान शुक्रवार को टाउन स्थित राजकीय नेहरू मेमोरियल स्नातकोत्तर महाविद्यालय के रोवर-रेंजर्स एवं डॉ. बीआर अंबेडकर स्वतंत्र रोवर क्रू के रोवर्स ने लोकतंत्र के महापर्व में सेवा भावना का परिचय देते हुए दिव्यांग एवं जरूरतमंद मतदाताओं की मदद में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। रोवर-रेंजर्स ने शहर के विभिन्न मतदान केन्द्रों पर पहुंचकर दिव्यांग मतदाताओं को मतदान केन्द्र तक पहुंचाने, मतदान प्रक्रिया समझाने तथा उन्हें सुगम और सुरक्षित तरीके से मतदान करवाने में सहयोग किया। रोवर्स की इस पहल से दिव्यांग मतदाताओं को मतदान करने में काफी सुविधा मिली। रोवर लीडर डॉ. सिद्धार्थ राव ने कहा कि मतदान लोकतंत्र का सबसे महत्वपूर्ण अधिकार है। प्रत्येक मतदाता बिना किसी परेशानी के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके, इसी उद्देश्य से महाविद्यालय के रोवर-रेंजर्स एवं स्वतंत्र रोवर क्रू के सदस्यों ने विभिन्न मतदान केन्द्रों पर सेवाएं दीं। रोवर लीडर मोहित कुमार ने कहा कि रोवरिंग का मूल उद्देश्य सेवा, अनुशासन और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है। दिव्यांग मतदाताओं की सहायता इसी सेवा भावना का हिस्सा है। रोवर-रेंजर्स ने पूरे उत्साह और जिम्मेदारी के साथ मतदान केन्द्रों पर सेवाएं देकर मतदाताओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में हिस्सा लेने के लिए प्रोत्साहित किया। इस दौरान रोवर दीनदयाल, विष्णु, पंकज, उमाशंकर, राहुल, हितेश, अजय तथा रेंजर रजनी, निकिता, निशा, रेणु, भावना, दीक्षा, उर्मिला, टीना, पूजा, महक कंवर ने सेवाएं दीं।
