हनुमानगढ़। भोमपुरा गांव में जमीन और मकान अपने नाम करवाने के विवाद को लेकर एक व्यक्ति के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर टाउन थाना पुलिस ने पत्नी, पुत्र और पुत्री के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार वार्ड नम्बर 7, कुम्हारों का मोहल्ला, चक 16 एजी, ग्राम पंचायत भोमपुरा निवासी 41 वर्षीय मनीराम पुत्र बाबूलाल रेगर ने थाने में रिपोर्ट दी। शिकायत में बताया कि उसकी पत्नी प्रियंका लगातार उस पर जमीन और मकान अपने नाम करवाने का दबाव बना रही थी। जब उसने ऐसा करने से इनकार कर दिया तो विवाद बढ़ गया। रिपोर्ट के अनुसार 6 जून को शाम करीब 5 बजे मनीराम अपने घर पर मौजूद था। आरोप है कि उसकी पत्नी प्रियंका, पुत्र साहिल और पुत्री फरिश्ता ने एकराय होकर उस पर हमला कर दिया। मनीराम का आरोप है कि पत्नी के हाथ में लोहे की रॉड थी, जिससे उसके सिर पर दो वार किए गए, जबकि अन्य ने लाठी-डंडों से मारपीट की। शिकायतकर्ता के अनुसार हमले में उसके सिर पर गंभीर चोटें आईं और दाहिने हाथ का अंगूठा फ्रैक्चर हो गया। वह किसी तरह वहां से निकलकर मोटर साइकिल पर घर से दूर पहुंचा, जहां उसे विक्रम पुत्र अर्जन मिला। विक्रम ने घायल अवस्था देखकर उसे रावतसर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसी रात टाउन के राजकीय जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। रिपोर्ट और चोटों के अवलोकन के आधार पर टाउन थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक जसवंत सिंह को सौंपी गई है।
