हनुमानगढ़। रावतसर क्षेत्र में सड़क हादसे में एक मजदूर की मौत होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया। रावतसर थाना पुलिस ने मृतक के चाचा की रिपोर्ट पर पिकअप चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और मृत्यु कारित करने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के अलीपुर पट्टी निवासी 45 वर्षीय राकेश पुत्र कालीचरण कश्यप ने रावतसर थाने में रिपोर्ट दी। रिपोर्ट में बताया गया कि उसका भतीजा सुभाष चन्द्र पुत्र रमेश चन्द्र कश्यप चक 29 डीडब्ल्यूडी स्थित एक ईंट भट्ठे पर मजदूरी करता था। शिकायत के अनुसार 7 जून को सुभाष चन्द्र राशन का सामान लेने के लिए रावतसर गया था। शाम करीब 6.30 बजे वह बस से चक 29 डीडब्ल्यूडी बस स्टैंड पर उतरा और पैदल अपने भट्ठे की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज गति में आई एक पिकअप ने उसे टक्कर मार दी। रिपोर्ट में वाहन का पंजीकरण नम्बर आरजे 13 जीबी 9507 बताया गया है। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों की सहायता से घायल सुभाष चन्द्र को एम्बुलेंस के जरिए रावतसर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे हनुमानगढ़ रेफर कर दिया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बीकानेर रेफर किया गया। परिजनों के अनुसार दुर्घटना में गंभीर चोटें लगने और अधिक रक्तस्राव होने के कारण सुभाष चन्द्र ने बीकानेर ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया। बाद में शव को रावतसर के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। रावतसर थाना पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक विजेंद्र शर्मा को सौंपी गई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और वाहन चालक की भूमिका की जांच कर रही है।
