हनुमानगढ़। जंक्शन क्षेत्र में एक बाइक सवार बदमाश ने महिला से झपटमारी की वारदात को अंजाम देते हुए उसके कान में पहनी झुमकी खींच ली। घटना में महिला के कान में चोट भी आई। पीड़िता ने जंक्शन थाना पुलिस से मामला दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार जंक्शन की मदान कॉलोनी निवासी माया देवी पत्नी शंकरलाल कुम्हार ने बुधवार को जंक्शन थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 9 जून की रात करीब 8.20 बजे वह अपनी पुत्री चेष्टा वर्मा के साथ इलेक्ट्रिक स्कूटी पर सब्जी मंडी से सब्जी खरीदकर घर लौट रही थी। दोनों मलकीत सिंह कॉलोनी, संगरिया रोड के पास पहुंची थीं। इसी दौरान पीछे से मोटर साइकिल पर सवार एक अज्ञात युवक उनके पास आया और अपनी बाइक धीमी कर माया देवी के कान में पहनी आर्टिफिशियल झुमकी, जिसमें करीब दो ग्राम सोने की कनौती लगी हुई थी, झपट्टा मारकर खींच ली। झपटमारी के दौरान महिला के कान में गंभीर चोट लग गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पीड़िता और उसकी पुत्री ने आसपास आरोपी की तलाश की तथा लोगों से पूछताछ भी की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका। माया देवी ने पुलिस से अज्ञात आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ झपटमारी और चोट पहुंचाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है तथा आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
