गोलूवाला। कस्बे के वार्ड संख्या-2 में बारिश के पानी की निकासी के लिए बनाया गया रिचार्ज बोर पहली ही बरसात में धंस गया, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी फैल गई है। वार्डवासियों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए नगरपालिका पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि बारिश से राहत देने के लिए बनाया गया रिचार्ज बोर अब लोगों के लिए आफत बन गया है। लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा, “राहत का बोर आफत बन गया, हमें मौत के कुएं में धकेल दिया गया है।” रिचार्ज बोर के धंसने से आसपास रहने वाले बच्चों और आवारा पशुओं के गिरने का खतरा बना हुआ है। हादसे की आशंका को देखते हुए वार्डवासियों ने प्रशासन से तत्काल बैरिकेडिंग करवाने और पूरे निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। लोगों ने आरोप लगाया कि यदि निर्माण कार्य में गुणवत्ता का ध्यान रखा गया होता तो पहली ही बारिश में यह स्थिति पैदा नहीं होती। उन्होंने मामले में जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि दोषियों को जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए। घटना को लेकर क्षेत्र में भारी आक्रोश है और वार्डवासियों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सुरक्षा इंतजाम करने तथा दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
