हनुमानगढ़। बहुजन समाज पार्टी के केन्द्रीय स्टेट कोऑर्डिनेटर सीपी सिंह ने कहा कि बसपा अपने मजबूत बूथ एवं सेक्टर संगठन के दम पर राजस्थान की राजनीति में निर्णायक भूमिका निभाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया। मंगलवार को गांव बड़ोपल स्थित अंबेडकर भवन में आयोजित बसपा की सेक्टर स्तरीय बैठक को संबोधित करते हुए सीपी सिंह ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों में बसपा को मजबूती प्रदान करने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को बूथ स्तर तक संगठन का विस्तार करना होगा। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में बसपा के बिना किसी भी दल की सरकार बनना आसान नहीं होगा। बैठक में विशिष्ट अतिथि एवं प्रदेश प्रभारी प्रेम बारूपाल ने कहा कि बहुजन समाज पार्टी ही बहुजन समाज के हितों की वास्तविक प्रतिनिधि है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर पार्टी की नीतियों और विचारधारा का प्रचार-प्रसार करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बसपा की सरकार बनने पर ही समाज के लोगों को उनके अधिकार पूरी तरह मिल सकेंगे तथा संविधान की भावना के अनुरूप शासन व्यवस्था लागू होगी। लोकसभा जोन प्रभारी सीताराम सीला ने कहा कि कार्यकर्ताओं को उत्तर प्रदेश में बसपा सरकारों की ओर से किए गए जनकल्याणकारी कार्यांे की जानकारी आमजन तक पहुंचानी चाहिए ताकि राजस्थान में भी पार्टी के प्रति विश्वास बढ़े और संगठन मजबूत हो। जिलाध्यक्ष महावीर सहजीपुरा ने कहा कि प्रत्येक बूथ पर संगठन को सक्रिय और सशक्त बनाकर ही पार्टी को चुनावी सफलता दिलाई जा सकती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी निष्ठा के साथ संगठनात्मक जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया। बैठक में कार्यकर्ताओं को सेक्टर स्तर की जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं। इस मौके पर जिला कोषाध्यक्ष मांगीलाल रैगर, जिला सचिव सुरेन्द्र परिहार, विधानसभा क्षेत्र प्रभारी कालूराम पटीर, विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष रामगोपाल परिहार, सुन्दरलाल ओड, जीवराज मंडाड़, ओमप्रकाश, दर्शन सिंह, रणजीत, सुशील बौद्ध, नत्थूराम पंवार, कालूराम सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
