जालोर। कांग्रेस नेता एवं पूर्व लोकसभा प्रत्याशी वैभव गहलोत ने केंद्र की भाजपा सरकार पर संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग और छात्र हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पूरा देश पेपर लीक मामले में जवाब मांग रहा है, लेकिन प्रधानमंत्री और केंद्रीय शिक्षा मंत्री अब तक इस मुद्दे पर मौन हैं। वैभव गहलोत शुक्रवार को जालोर स्थित राजीव गांधी भवन में आयोजित जिला कांग्रेस कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक के बाद आयोजित “छात्रों की गूंज” अभियान की प्रेस वार्ता में जिला सहप्रभारी दिलीप चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री से पेपर लीक मामले में स्पष्टीकरण तक नहीं मांगा है, जिससे स्पष्ट होता है कि केंद्र सरकार युवा और छात्र विरोधी है। उन्होंने बताया कि छात्रों और युवाओं के साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ तथा सरकार को जवाबदेह बनाने के लिए राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस ने 17 जून से कोटा से देशव्यापी अभियान शुरू किया है।

“छात्रों की गूंज” अभियान के माध्यम से जिला कांग्रेस कमेटी छात्रों के मुद्दों को मजबूती के साथ उठाएगी। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पेपर लीक मामले में पार्टी छात्रों के साथ मजबूती से खड़ी है और उनके साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार पेपर लीक मामले में अपने शिक्षा मंत्री को बचाने का प्रयास कर रही है। प्रेस वार्ता में कहा गया कि देश वर्तमान में शिक्षा और रोजगार के गंभीर संकट से गुजर रहा है। लगातार पेपर लीक की घटनाएं, परीक्षाओं का रद्द होना, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी, बढ़ती बेरोजगारी और परीक्षा एजेंसियों की विफलता के कारण छात्रों और युवाओं में निराशा और असुरक्षा का माहौल है। कांग्रेस पार्टी लगातार छात्र हितों और युवाओं की आवाज बुलंद कर रही है। बैठक में पूर्व मंत्री पुखराज पाराशर, लाल सिंह राठौड़, जिला उपाध्यक्ष जुल्फिकार अली, वीराराम वधेला, सुरेश सियाग, मांगीलाल प्रजापत, सूरज सिंह सुराणा, पदमाराम सरगरा, जिला प्रवक्ता रमेश सोलंकी, जालोर ब्लॉक अध्यक्ष भोमाराम मेघवाल, सायला ब्लॉक अध्यक्ष सवाई सिंह चंपावत, आहोर ब्लॉक अध्यक्ष गजेंद्र सिंह डोडियाली, जसवंतपुरा ब्लॉक अध्यक्ष जीवाराम चौहान, दिनेश कुमार पुरोहित एवं महेंद्र सोनगरा सहित कई कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे।
