श्रीगंगानगर। राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भेजी गई करीब 50 करोड़ रुपये कीमत की हेरोइन बरामद होने के मामले में पुलिस जांच में बड़े खुलासे हुए हैं। जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार तस्कर पाकिस्तानी ड्रग हैंडलरों के सीधे संपर्क में था और उसके मोबाइल फोन से पाकिस्तानी नंबरों के साथ हुई चैट भी मिली है। पुलिस के अनुसार, आरोपी अपने जीजा के जरिए भारत-पाक सीमा पर ड्रोन से गिराई गई हेरोइन मंगवाता था, जबकि खुद पंजाब सहित अन्य क्षेत्रों में इसकी सप्लाई का काम करता था। मामले में पुलिस ने दो तस्करों और एक आरोपी की पत्नी को गिरफ्तार किया है तथा कुल 9 किलो 908 ग्राम हेरोइन जब्त की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 50 करोड़ रुपये आंकी गई है। जिला पुलिस अधीक्षक हरीशंकर ने बताया कि पंजाब में हेरोइन की खेप ले जाने के आरोप में लुधियाना निवासी धर्मेंद्र सिंह उर्फ बब्बू (32) तथा श्रीगंगानगर के समेजा कोठी क्षेत्र के सलेमपुरा निवासी जसविंदर सिंह उर्फ जस्सी (34) को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, जांच के दौरान जसविंदर के घर से भी हेरोइन का एक पैकेट बरामद होने पर उसकी पत्नी नवजोत कौर को भी गिरफ्तार किया गया है। एसपी के अनुसार शुक्रवार देर शाम जैतसर थाना प्रभारी गोविंदराम को सूचना मिली थी कि पाकिस्तान की ओर से ड्रोन के माध्यम से गिराई गई हेरोइन की खेप को दो आरोपी जैतसर क्षेत्र से पंजाब की ओर ले जा रहे हैं। सूचना के आधार पर अनूपगढ़-सूरतगढ़ स्टेट हाईवे स्थित 6 जीबी क्षेत्र में नाकाबंदी की गई। कुछ देर बाद अनूपगढ़ की ओर से तेज रफ्तार सफेद स्विफ्ट कार आती दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने कार मोड़कर भागने की कोशिश की। इस दौरान कार की टक्कर से एक निजी वाहन क्षतिग्रस्त हो गया और ड्यूटी पर तैनात एक पुलिसकर्मी के सिर में गंभीर चोट आई। पुलिस ने पीछा कर वाहन को रोक लिया और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 20 पैकेट हेरोइन और 1.40 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह खेप पंजाब में सप्लाई के लिए ले जाई जा रही थी। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि जसविंदर सिंह के जीजा बलविंदर सिंह ने भारत-पाक सीमा से सटे अनूपगढ़ क्षेत्र के गांव 15 जीडी के पास पाकिस्तान की ओर से ड्रोन के जरिए गिराई गई हेरोइन की खेप को रिसीव किया था। कुल 21 पैकेटों में आई इस खेप में से 20 पैकेट पंजाब भेजने के लिए जसविंदर को दिए गए, जबकि एक पैकेट उसके घर भेज दिया गया। बाद में समेजा कोठी थाना पुलिस ने जसविंदर के घर पर दबिश दी, जहां से 511 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। मौके पर मौजूद उसकी पत्नी नवजोत कौर को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि जसविंदर सिंह पाकिस्तान के एक बड़े ड्रग्स हैंडलर के संपर्क में था। उसके मोबाइल फोन से कई पाकिस्तानी नंबरों के साथ चैटिंग मिली है, जिनमें ड्रोन के जरिए सीमा पार से हेरोइन गिराने से जुड़ी जानकारी शामिल है। आरोपी अपने जीजा को खेतों में भेजकर ड्रोन से गिराई गई खेप उठवाता था। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर हेरोइन खरीदने वाले तीन अन्य संदिग्धों को भी हिरासत में लिया है। एसपी हरीशंकर ने कहा कि सीमा सुरक्षा बल और खुफिया एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर ड्रोन तस्करी पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने इसे बड़ी सफलता बताते हुए कहा कि मामले में आगे की जांच जारी है और पूरे गिरोह के नेटवर्क तथा पाकिस्तान कनेक्शन की गहराई से पड़ताल की जा रही है।
