श्रीगंगानगर। जिले में 13 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ होटल में सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस कार्रवाई लगातार तेज कर रही है। अब तक इस मामले में 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि घटना में इस्तेमाल किए गए होटल को भी सीज कर दिया गया है। पुलिस अन्य संदिग्धों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। मामले की जांच कर रही डीएसपी कैलाशदान देथा की टीम ने शुक्रवार को दो और युवकों को हिरासत में लिया। इनमें एक आरोपी हनुमानगढ़ जिले का निवासी है, जबकि दूसरा श्रीगंगानगर का रहने वाला है। दोनों आरोपियों का शनिवार सुबह मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसके बाद उन्हें अदालत में पेश किया गया। अदालत ने दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। जिला पुलिस अधीक्षक हरी शंकर ने बताया कि होटल के मालिक और दो मैनेजर फिलहाल तीन दिन की पुलिस रिमांड पर हैं। उनकी रिमांड अवधि रविवार को समाप्त हो रही है, जिसके बाद उन्हें दोबारा न्यायालय में पेश किया जाएगा। एसपी ने बताया कि आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच के दौरान पुलिस को कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। इन्हीं सुरागों के आधार पर मामले में आगे की गिरफ्तारियां की जा रही हैं और पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में नाबालिग को कथित तौर पर बेचने के आरोप में गिरफ्तार रिक्शा चालक समेत अन्य आरोपियों को भी न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस पूरे गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। इधर, पुलिस और प्रशासन की ओर से पीड़ित नाबालिग की सुरक्षा और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है।
