हनुमानगढ़। टिब्बी थाना क्षेत्र के शेरेकां थेड़ गांव में दिनदहाड़े सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात चोर घर से सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, एटीएम कार्ड तथा कई महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी कर ले गए। टिब्बी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, बलदेव सिंह (34) पुत्र जीतराम निवासी वार्ड नंबर 9, शेरेकां थेड़ ने टिब्बी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 20 जून को दोपहर के समय वह अपने परिवार के साथ पड़ोस में गया हुआ था। घर पर ताला लगा हुआ था। दोपहर करीब 2 बजे जब वह वापस लौटा तो देखा कि घर का मुख्य ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो संदूक का ताला भी टूटा हुआ था और घर का सामान बिखरा पड़ा था। सामान की जांच करने पर पता चला कि संदूक में रखे सोने की एक अंगूठी, कानों की बालियां, तबीती, चांदी की दो जोड़ी पाजेब, एक चेन, एक कैलीप, छह अंगूठियां तथा 15 हजार रुपए नकद चोरी हो चुके थे। इसके अलावा चोर एटीएम कार्ड, मोटर साइकिल के दस्तावेज, पैन कार्ड, आधार कार्ड सहित अन्य जरूरी कागजात भी अपने साथ ले गए। पीड़ित ने रिपोर्ट में अज्ञात व्यक्तियों पर घर का ताला तोड़कर चोरी करने का आरोप लगाते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक प्रकाश चंद स्वामी को सौंपी गई है। पुलिस आसपास के साक्ष्य जुटाकर चोरों की तलाश में जुटी हुई है।
