बीकानेर। क्राइम-ब्रांच -सीबी के सीआई श्रवण बिश्नोई की मंगलवार को पुलिस कॉलोनी स्थित उनके फ्लैट में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजन उन्हें तत्काल पीबीएम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बीछवाल थाना पुलिस के अनुसार श्रवण बिश्नोई अपनी पत्नी और सात वर्षीय बेटे के साथ पुलिस कॉलोनी स्थित फ्लैट में रहते थे। घटना के समय उनकी पत्नी घर पर मौजूद थीं, जबकि उनका बेटा स्कूल गया हुआ था। सुबह करीब 11 बजे परिजनों की ओर से पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस के मुताबिक मृतक के साले मनीराम ने मर्ग दर्ज करवाई है। रिपोर्ट में बताया गया है कि श्रवण बिश्नोई घर में पंखा साफ कर रहे थे।

इसी दौरान अचानक बिजली आपूर्ति शुरू होने से पंखा चल पड़ा और सफाई के दौरान इस्तेमाल की जा रही चादर उनके गले में फंस गई। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद उनकी पत्नी ने रिश्तेदारों को सूचना दी और उनके साथ शव को पीबीएम अस्पताल लेकर पहुंचीं। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। पुलिस ने बताया कि मौत के कारणों की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है तथा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। श्रवण बिश्नोई वर्ष 2014 बैच के एसआई थे। वे मूल रूप से कोलायत क्षेत्र के चक विजयसिंहपुरा गांव के निवासी थे और लंबे समय तक बीकानेर में एसीबी में सेवाएं दे चुके थे। करीब दो माह पूर्व उनका तबादला जयपुर स्थित क्राइम-ब्रांच -सीबी में हुआ था। बताया जा रहा है कि उन्होंने पुन: बीकानेर स्थानांतरण के लिए प्रयास भी किए थे, लेकिन उनका तबादला वापस नहीं हो सका। वे पिछले 20 दिनों से अवकाश पर बीकानेर आए हुए थे।
