– मुख्यमंत्री के नाम सौंपे ज्ञापन में होटल संचालकों, रिक्शा चालक व संबंधित पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई की उठी मांग
हनुमानगढ़। श्रीगंगानगर में 13 वर्षीय बालिका के साथ कथित दुष्कर्म के मामले को लेकर प्रदेश महासचिव एवं हनुमानगढ़ जिला प्रभारी रविंद्र बेनिवाल ने मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर मामले की शीघ्र व निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में बताया गया कि हाल ही में श्रीगंगानगर जिला मुख्यालय पर 13 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता की मां द्वारा महिला थाना, श्रीगंगानगर में दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार एक रिक्शा चालक बच्ची को श्रीगंगानगर स्थित तीन होटलों में ले गया, जहां उसके साथ बार-बार दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगाया गया है। रविंद्र बेनिवाल ने ज्ञापन में कहा कि शहर के होटलों में इस प्रकार की घटना होना गंभीर चिंता का विषय है और इससे आमजन में भारी रोष व्याप्त है। उन्होंने मामले में कथित दोषियों, संबंधित होटल संचालकों, रिक्शा चालक तथा संबंधित पुलिस थाना के अधिकारियों व कर्मचारियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच कर उनके खिलाफ तत्काल प्रभाव से कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने राज्य सरकार से पीड़िता को शीघ्र न्याय दिलाने और मामले की त्वरित जांच सुनिश्चित करने की अपील की।
