हनुमानगढ़। आबकारी आयुक्त, राजस्थान उदयपुर एवं जिला कलक्टर हनुमानगढ़ के निर्देशन में गुरुवार को आबकारी विभाग ने हथकढ़ शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए संयुक्त रेड अभियान चलाया। इस दौरान गंगागढ़, गंगाघाट, देबूघाट एवं श्रीनगर गांवों में दबिश देकर करीब 5500 लीटर उत्तेजित लाहण (हथकढ़ शराब बनाने के लिए तैयार वॉश) तथा 9 कच्ची भट्ठियों को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। संयुक्त कार्रवाई में हनुमानगढ़ प्रहराधिकारी अमर सिंह, भादरा प्रहराधिकारी वीरेन्द्र सिंह, नोहर प्रहराधिकारी कमल सिंह, संगरिया प्रहराधिकारी विनोद कुमार तथा जमादार हुसैन खान जाप्ते के साथ शामिल रहे। जिला आबकारी अधिकारी संजीव पटावरी ने बताया कि जिले में हथकढ़ शराब की कशीदगी एवं बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के लिए लगातार रेड एवं गश्त की जा रही है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक जिले में अवैध शराब से जुड़े 199 अभियोग दर्ज किए जा चुके हैं। भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी, ताकि अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाया जा सके।
