– परिवार ने पुलिस अधीक्षक को सौंपा ज्ञापन
हनुमानगढ़। जिले में नाबालिग बालिका के लापता होने के मामले में पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की है। परिवार का आरोप है कि पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज होने और कई महत्वपूर्ण तथ्यों के सामने आने के बावजूद अब तक आरोपितों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। ज्ञापन के अनुसार, परिवार की 16 वर्षीय नाबालिग बेटी गत 8 जून 2026 की रात से लापता है। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लग पाया। परिजनों का आरोप है कि पड़ोस में रहने वाला एक युवक उसे अपने साथ ले गया है तथा उसके परिवार को भी इस संबंध में जानकारी होने के बावजूद सहयोग नहीं किया जा रहा। परिवार का यह भी आरोप है कि मामले से जुड़े एक अन्य युवक द्वारा उनकी दूसरी नाबालिग बेटी का विद्यालय आते-जाते समय पीछा कर उसे परेशान किया जाता है। विरोध करने पर परिवार को धमकियां भी दी गईं। इससे दूसरी बेटी में भय का माहौल है और वह स्कूल जाने से भी कतराने लगी है। ज्ञापन में दावा किया गया है कि लापता नाबालिग को संबंधित युवक के साथ कैंचिया क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों में देखा गया है। इसके बावजूद पुलिस जांच में अपेक्षित प्रगति नहीं होने का आरोप लगाया गया है। परिजनों ने बताया कि इस संबंध में टिब्बी थाने में एफआईआर संख्या 0265/2026 पहले से दर्ज है, लेकिन अब तक आरोपितों के विरुद्ध कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक से मामले में शीघ्र एवं निष्पक्ष जांच करवाकर आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने तथा उनकी दूसरी बेटी की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
