– अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को सौंपा ज्ञापन, मुकलावा थाने के प्रकरण में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
हनुमानगढ़। श्रीगंगानगर जिले के मुकलावा थाना क्षेत्र में दर्ज एक प्रकरण में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अखिल राजस्थान मजहबी सिख महासभा सहित विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों ने बुधवार को हनुमानगढ़ के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि मामले में जांच पूरी होने और विभिन्न स्तरों पर कार्रवाई की अनुशंसा के बावजूद अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई है। ज्ञापन के अनुसार, मुकलावा थाना में दर्ज एफआईआर संख्या 0039/2026 में परिवादी ने आरोप लगाया है कि उसकी कृषि भूमि पर कब्जे और फसल काटकर ले जाने के साथ उसके परिवार पर जानलेवा हमला किया गया था। मामले में कई नामजद और अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। संगठन का दावा है कि जांच के दौरान संबंधित अधिकारियों ने आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की अनुशंसा की, लेकिन राजनीतिक प्रभाव के चलते गिरफ्तारी नहीं हो सकी। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि प्रकरण की जांच विभिन्न स्तरों से होकर गुजरने के बाद वर्तमान में उच्च अधिकारियों के स्तर पर विचाराधीन है। इस बीच परिवादी परिवार पिछले लंबे समय से रायसिंहनगर स्थित मिनी सचिवालय के बाहर धरना देकर न्याय की मांग कर रहा है। संगठनों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए समय-समय पर प्रदर्शन और प्रशासन का घेराव भी किया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि 12 जुलाई 2026 तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो 13 जुलाई को परिवादी परिवार को इच्छा मृत्यु की अनुमति देने की मांग की जाएगी। साथ ही आंदोलन तेज करते हुए जेल भरो आंदोलन शुरू करने की भी चेतावनी दी गई है। ज्ञापन पर अखिल राजस्थान मजहबी सिख महासभा के अलावा भीम आर्मी, आजाद समाज पार्टी, आम आदमी पार्टी, आम जन नीति पार्टी, दशमेश तरना दल तथा एससी, एसटी, ओबीसी एवं माइनॉरिटी ब्रदरहुड सोसायटी सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों के हस्ताक्षर हैं।
