– 10 से 12 जुलाई तक चलेगा विशेष वृक्षारोपण अभियान, जिला कलक्टर के निर्देश पर 12 विभागों को लक्ष्य आवंटित, हर पौधे की होगी जियो टैगिंग
हनुमानगढ़। हनुमानगढ़ जिला स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में जिलेभर में 10, 11 और 12 जुलाई को वृहद स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। मिशन हरियालो राजस्थान के तहत तीन दिनों में जिले में 43625 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए विभिन्न विभागों को पौधारोपण के लक्ष्य आवंटित कर दिए गए हैं तथा प्रत्येक पौधे की ‘हरियालो राजस्थानÓ ऐप पर जियो टैगिंग भी अनिवार्य की गई है। उप वन संरक्षक सुरेश आबुसरिया की ओर से जारी आदेश के अनुसार, जिला कलक्टर की अध्यक्षता में आयोजित मिशन हरियालो राजस्थान की समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों के बाद सभी विभागों को लक्ष्य आवंटित किए गए हैं। जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि निर्धारित लक्ष्य के अनुसार पौधारोपण सुनिश्चित करते हुए उसकी जियो टैगिंग भी समय पर की जाए। विभागों को मिले पौधारोपण के लक्ष्य की बात करें तो वन विभाग को 5000, कृषि विभाग को 2000, जल संसाधन विभाग को 5000, शिक्षा विभाग को 11000, जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग को 625, विद्युत विभाग को 1000, चिकित्सा विभाग को 2000, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग को 11000, स्वायत्त शासन विभाग को 4000, जलग्रहण विकास एवं भू-संरक्षण विभाग को 500, महिला अधिकारिता विभाग को 1000 जबकि सहकारिता विभाग को 500 पौधे लगाने का लक्ष्य आवंटित किया गया है। जिला प्रशासन का उद्देश्य केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उनके संरक्षण और निगरानी को भी सुनिश्चित करना है। इसी कारण सभी विभागों को लगाए गए पौधों की जियो टैगिंग करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि अभियान की प्रभावी मॉनिटरिंग की जा सके। जिला स्थापना दिवस के मौके पर आयोजित होने वाला यह अभियान जिले को अधिक हरित बनाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। जिला प्रशासन ने सभी विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों तथा आमजन से अधिक से अधिक सहभागिता कर इस अभियान को सफल बनाने की अपील की है।
