हनुमानगढ़। जिले में चल रहे नशामुक्ति अभियान के बीच शुक्रवार को ग्राम पंचायत अमरपुरा थेड़ी के युवाओं ने नशे के खिलाफ आवाज बुलंद की। वीरेन्द्र गांधी के नेतृत्व में गांव से पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक करीब 17 किलोमीटर लंबी पदयात्रा निकालकर युवाओं ने नशा कारोबारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पदयात्रा के समापन पर पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपते हुए नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की गई। पदयात्रा में अमरपुरा थेड़ी के अलावा आसपास के गांवों और शहर के युवा शामिल हुए। युवाओं ने नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश देते हुए प्रशासन से बड़े नशा तस्करों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की। इस दौरान पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष राजू खान ने कहा कि अमरपुरा थेड़ी के युवा भी नशे की चपेट से अछूते नहीं हैं। कई युवक नशे की गिरफ्त में आ चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन को कई बार अवगत कराने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बीट अधिकारी भी कार्रवाई करने में गंभीरता नहीं दिखाते और पकड़े जाने के बाद नशा कारोबारी फिर बाहर आ जाते हैं। उन्होंने कहा कि यदि जल्द बड़े सप्लायरों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो युवा आंदोलनात्मक कदम उठाने को मजबूर होंगे। हर्षवर्धन सिंह ने कहा कि गांव में नशे ने गहरी जड़ें जमा ली हैं। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी और कड़कड़ाती धूप के बावजूद युवाओं का करीब चार घंटे तक 17 किलोमीटर पैदल चलना इस बात का प्रमाण है कि वे नशे से कितने परेशान हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन प्रयास तो कर रहा है, लेकिन क्षेत्र के कई गांवों में चिट्टे की लत के कारण युवाओं की मौतें हो रही हैं। उन्होंने मांग की कि नशा कारोबारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई कर उनकी संपत्तियां कुर्क की जाएं, ताकि भविष्य में कोई भी इस कारोबार में उतरने की हिम्मत न कर सके। पदयात्रा का नेतृत्व कर रहे वीरेन्द्र गांधी ने आरोप लगाया कि अमरपुरा थेड़ी में चिट्टे के कारण कई युवाओं की मौत हो चुकी है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ बीट अधिकारियों की नशा कारोबारियों से मिलीभगत है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि नशे के कारोबार पर प्रभावी रोक नहीं लगी तो युवा सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेंगे। उन्होंने कहा कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो जयपुर पहुंचकर विधानसभा का घेराव भी किया जाएगा। पदयात्रा के दौरान युवाओं ने नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प दोहराते हुए प्रशासन से नशा तस्करों के खिलाफ कठोर और प्रभावी कार्रवाई की मांग की। इस मौके पर विनोद गोस्वामी, त्रिशूल माहौर, संदीप सिंह अनमोल नंदा, गुरमेल सिंह, सुखचैन संधू, युवराज शर्मा, गोपाल, जितेन्द्र, अनमोल, अतीश, दिनेश, विनोद सहित कई अन्य युवा मौजूद थे।
