हनुमानगढ़। जिला ट्रक ऑपरेटर एसोसिएशन ने नेशनल परमिट जारी नहीं होने से ट्रांसपोर्ट कारोबार प्रभावित होने का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा है। एसोसिएशन का कहना है कि भारत सरकार की ओर से ट्रकों में वीएलटी डिवाइस अनिवार्य किए जाने के बावजूद परिवहन विभाग के पास डिवाइस उपलब्ध नहीं हैं तथा संबंधित ऑनलाइन प्रणाली भी सुचारु रूप से कार्य नहीं कर रही है। इसके चलते पिछले करीब एक महीने से नेशनल परमिट जारी नहीं हो पा रहे हैं, जिससे बड़ी संख्या में ट्रक खड़े हैं और ट्रांसपोर्टरों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। ज्ञापन में एसोसिएशन ने मांग की है कि जल्द से जल्द वीएलटी डिवाइस उपलब्ध करवाकर नेशनल परमिट जारी किए जाएं। यदि किसी कारणवश डिवाइस उपलब्ध नहीं हैं या ऑनलाइन प्रक्रिया बाधित है तो अंतरिम व्यवस्था के तहत बिना डिवाइस के परमिट जारी किए जाएं। साथ ही टोल नाकों पर ऑनलाइन चालान की कार्रवाई बंद कराने की भी मांग की गई है। एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि मांगों का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो 13 जुलाई को राजस्थान ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के समर्थन से भारतमाला मार्ग पर कोहला रूट पर चक्का जाम किया जाएगा। यूनियन के अनिल धमीजा ने कहा कि नेशनल परमिट जारी नहीं होने से उर्वरक एवं खाद्यान्न सहित आवश्यक वस्तुओं का परिवहन भी प्रभावित हो रहा है, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
