हनुमानगढ़। जंक्शन में संगरिया रोड पर अधूरा पड़ा नाला दुकानदारों व रहवासियों के लिए मुसीबत का कारण बना हुआ है। बरसाती व घरों-दुकानों से निकलने वाले पानी की निकासी की उचित व्यवस्था न होने से लोग नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। मंगलवार को गोयल एस्टेट व गणपति फिलिंग स्टेशन के पास के दुकानदार और रहवासी मौके पर एकत्रित हुए तथा नगर परिषद के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध दर्ज करवाया।

यहां के निवासी दीपक गोयल ने बताया कि करीब तीन साल से संगरिया रोड की दुर्गति हो रही है। दिनभर धूल-मिट्टी उड़ते रहने से आसपास रहने वाले कई लोगों को दमा हो गया। उन्होंने बताया कि संगरिया रोड पर सबसे पहले नाला खुदाई का कार्य हुआ। वह कार्य बीच में छोड़ दिया गया। जब नाले का निर्माण हुआ तो वह भी लोगों ने कचरा आदि डालकर बंद कर दिया। इस कारण पानी की निकासी नहीं हो रही। नाला पूरी तरह जाम हो चुका है।

कई दुकानदारों ने अपनी दुकानों के आगे नाली तोड़कर थड़े व सीढ़ी आदि का निर्माण कर लिया है। कई जगह नाली गायब हो चुकी है। वर्तमान में संगरिया रोड पर बरसाती पानी निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है। कुछ लोगों ने सीवरेज से अवैध कनेक्शन कर लिया है। जो कानून की पालना कर रहे हैं उन्हें समस्या का सामना करना पड़ रहा है। जबकि अवैध कनेक्शन करने वाले लोगों ने पानी की निकासी सीवरेज में कर दी है। अभी तक सीवरेज चालू नहीं हुआ। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि या तो उन्हें भी सीवरेज में पानी निकासी की स्वीकृति दी जाए। क्योंकि पानी निकासी की व्यवस्था न होने से हालात बिगड़ चुके हैं।

अधिकारी भी इस तरफ ध्यान नहीं दे रहे। नाला अधूरा पड़ा होने से पानी की निकासी नहीं हो रही। बरसात के समय सड़क पर पानी भर जाता है। अण्डरग्राउंड दुकानों में पानी भर जाता है। एक-एक सप्ताह तक पानी की निकासी नहीं होती। वहीं चूना फाटक के पास भी कुछ जगह में सीसी रोड का निर्माण नहीं करवाया गया। इस वजह से ट्रैफिक वन-वे होने की वजह से भी दुकानदार परेशान हैं। उन्होंने नगर परिषद अधिकारियों से मांग की कि अधूरे नाले का निर्माण पूर्ण करवाकर इस समस्या का समाधान करवाया जाए। इस मौके पर सद्दाम हुसैन, दीदार सिंह सहित कई दुकानदार मौजूद रहे।
