हनुमानगढ़। विधायक गणेश राज बंसल ने जयपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से शिष्टाचार भेंट कर विधानसभा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विकास कार्यांे पर सार्थक एवं सकारात्मक चर्चा की। इस दौरान उन्होंने बजट वर्ष 2025-26 में संगरिया रोड स्थित चूना फाटक पर प्रस्तावित 35 करोड़ रुपए की लागत के रेलवे अंडर ब्रिज (आरयूबी) के निरस्त होने के बाद उक्त राशि को ग्रामीण क्षेत्रों में नई सड़कों के निर्माण के लिए आवंटित करने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री को सौंपे ज्ञापन में विधायक बंसल ने बताया कि बजट घोषणा संख्या 15.03.11 (वर्ष 2025-26) के तहत चूना फाटक पर आरयूबी एवं भूमि अधिग्रहण के लिए 35 करोड़ रुपए की घोषणा की गई थी। हालांकि सार्वजनिक निर्माण विभाग के 4 मई 2026 के पत्र के अनुसार इस परियोजना को ‘नॉन-फिजिबल’ मानते हुए पूर्व में दी गई सैद्धांतिक स्वीकृति निरस्त कर दी गई है। विधायक ने मांग की कि अब इस राशि का उपयोग हनुमानगढ़ विधानसभा के ग्रामीण क्षेत्रों में उन महत्वपूर्ण नई सड़कों के निर्माण पर किया जाए, जहां आज भी पक्के संपर्क मार्गांे का अभाव है और कई गांवों को मुख्य सड़कों से जोड़ने की आवश्यकता है। विधायक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में नई सड़कों के निर्माण से आवागमन सुगम होगा, व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं तक लोगों की पहुंच बेहतर होगी तथा ग्रामीण विकास को गति मिलने के साथ आमजन को सीधा लाभ मिलेगा। विधायक गणेश राज बंसल ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि निरस्त आरयूबी परियोजना के लिए आवंटित 35 करोड़ रुपए की राशि को विधानसभा हनुमानगढ़ के ग्रामीण क्षेत्र में प्रस्तावित महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण के लिए स्वीकृत करने के आदेश जारी किए जाएं।
