– राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे समेत छह मांगें उठाईं
हनुमानगढ़। भारतीय ट्रेड यूनियन केन्द्र (सीटू) के बैनर तले कार्यकर्ताओं ने सोमवार को जिला कलक्ट्रेट के समक्ष प्रदर्शन कर राष्ट्रपति के नाम जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा, शिक्षा व्यवस्था में सुधार तथा जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन की मांगों के समर्थन में नारेबाजी भी की। इस मौके पर हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की अगुवाई में चल रहा आंदोलन लोकतांत्रिक अधिकारों और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर किया जा रहा है। ऐसे में केन्द्र सरकार को आंदोलनकारियों की मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए सकारात्मक एवं उचित कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए नागरिकों की आवाज को सुनना और शांतिपूर्ण आंदोलनों का सम्मान करना आवश्यक है। असहमति लोकतंत्र की मूल भावना है, इसलिए जनता की मांगों का समाधान संवाद के माध्यम से किया जाना चाहिए। सीटू ने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के स्वास्थ्य की समुचित व्यवस्था करने तथा उनकी शीघ्र रिहाई की मांग उठाई। इसके अलावा शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर जवाबदेही तय करते हुए केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मंेद्र प्रधान से इस्तीफा लेने की मांग भी की गई। संगठन ने शिक्षा में पारदर्शिता, समान अवसर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाने, संविधान में प्रदत्त अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, शांतिपूर्ण प्रदर्शन और संगठन बनाने के अधिकारों की पूर्ण रक्षा करने तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं को और अधिक मजबूत बनाने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि जनता की समस्याओं का समाधान दमन के बजाय संवाद और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से किया जाना चाहिए। इस मौके पर रघुवीर वर्मा, आत्मासिंह, बहादुर सिंह चौहान, बीएस पेंटर, रिछपाल, गुरप्रेम सिंह, ओमप्रकाश सहित सीटू के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
