हनुमानगढ़। श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा एवं खेल विभाग की ओर से शनिवार को बैचलर ऑफ फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स (बीपीईएस) बैच-2023 के छात्र-छात्राओं के सम्मान में विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में जूनियर और सीनियर छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से इस मौके को यादगार बनाया। छात्र-छात्राओं ने नृत्य, संगीत और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। साथ ही मनोरंजक खेल गतिविधियों और प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने विश्वविद्यालय जीवन की यादें साझा करते हुए शिक्षकों के मार्गदर्शन और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। श्री गुरु गोबिंद सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा ने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना नहीं, बल्कि छात्र-छात्राओं का सर्वांगीण विकास करना भी है। उन्होंने कहा कि खेल अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, आत्मविश्वास और संघर्षशीलता का विकास करते हैं। उन्होंने छात्र-छात्राओं से सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ते हुए अपने ज्ञान और संस्कारों के बल पर समाज और राष्ट्र की सेवा करने का आह्वान किया। विश्वविद्यालय के प्रबंध निदेशक दिनेश कुमार जुनेजा ने कहा कि विद्यार्थी ही किसी संस्थान की वास्तविक पहचान होते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ खेल और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियां छात्र-छात्राओं के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने छात्र-छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए विश्वविद्यालय के मूल्यों और अनुशासन को जीवनभर अपनाने का संदेश दिया। शारीरिक शिक्षा एवं खेल विभाग के खेल निदेशक डॉ. अभिषेक संचोरा ने कहा कि विदाई अंत नहीं, बल्कि नई शुरुआत का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय से प्राप्त ज्ञान, अनुभव और अनुशासन छात्र-छात्राओं को जीवन के हर क्षेत्र में सफलता दिलाने में सहायक होंगे। उन्होंने छात्र-छात्राओं से निरंतर सीखते रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और खेल भावना को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। समारोह के दौरान छात्र-छात्राओं को स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया तथा सभी ने एक-दूसरे के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर विभागाध्यक्ष डॉ. रमनदीप, सहायक आचार्य डॉ. शबनम बानो, अरमान मलिक, उच्च श्रेणी लिपिक अजय वर्मा मौजूद रहे।
