हनुमानगढ़। गांव कोहला स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में रविवार रात अज्ञात चोरों ने ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर विद्यालय के प्रधानाध्यापक कक्ष और कक्षाकक्षों से एलईडी, गैस सिलेंडर, पंखा, स्टेशनरी, बैंक दस्तावेज, शिक्षण सामग्री और विद्यालय का रिकॉर्ड सहित बड़ी मात्रा में सामान चोरी कर ले गए। घटना की सूचना मिलने पर ग्रामीण विद्यालय पहुंचे और बाद में स्कूल प्रशासन ने मुकदमा दर्ज करवाने के लिए टाउन थाना पुलिस को परिवाद सौंपा। विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापक अंजू मीणा ने बताया कि सोमवार सुबह करीब साढ़े सात बजे जब विद्यालय स्टाफ स्कूल पहुंचा तो मुख्य गेट का ताला सही-सलामत था, लेकिन अंदर के कमरों के ताले टूटे हुए थे और कमरों में सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर चोरी का पता चला। प्रधानाध्यापक की ओर से टाउन थाना में दिए गए परिवाद के अनुसार चोर विद्यालय के राजस्थान ग्रामीण बैंक के एमडीएम एवं एसएमसी खातों की वर्तमान व पुरानी पासबुक, चेकबुक, इंडेन गैस सिलेंडर की पासबुक तथा विद्यालय का पैन कार्ड भी चोरी कर ले गए।

इसके अलावा एक एमई कंपनी की स्मार्ट एलईडी टीवी, मल्टीमीडिया स्पीकर, इंडेन गैस सिलेंडर, छत का पंखा, दीवार घड़ी, पेंसिल बॉक्स, पेन बॉक्स, पेपर वेट, दो ए-4 पेपर रिम, 20 कॉपियां, 20 फाइलें, एबीएल (एक्टिविटी बेस्ड लर्निंग) शिक्षण सामग्री, गणित एवं विज्ञान किट, नया खेल किट, तीन पानी के लोटे, दो तवे, एक झरनी, स्टील की गागर, पांच छोटी कुर्सियां, तीन लीटर खाद्य तेल, इलेक्ट्रॉनिक माप-तौल मशीन, माप-तौल कांटा, एक रेडियो, दो बड़े गद्दों के कवर तथा अन्य सामग्री चोरी होने की जानकारी दी गई है। प्रधानाध्यापक ने परिवाद में बताया कि यह कक्षा 1 से 5 तक का राजकीय प्राथमिक विद्यालय है, जहां मुख्य रूप से निर्धन एवं सामान्य वर्ग के बच्चे अध्ययन करते हैं। विद्यालय में उपलब्ध खेल सामग्री, शिक्षण किट और अन्य संसाधन बच्चों की पढ़ाई तथा मध्याह्न भोजन (एमडीएम) व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण थे। चोरी के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई और विद्यालय संचालन प्रभावित हुआ है। ग्रामीण भादरराम यादव ने बताया कि गांव के इस विद्यालय में पहली बार चोरी की घटना हुई है। ग्रामीणों ने अज्ञात चोरों का जल्द पता लगाकर चोरीशुदा सामान बरामद करने, आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। विद्यालय प्रशासन ने पुलिस से अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर शीघ्र कार्रवाई करते हुए चोरी हुए सामान की बरामदगी की मांग की है।
