हनुमानगढ़। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर जंक्शन थाना पुलिस ने संपत्ति विवाद से जुड़े एक मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिवादी अमरीक सिंह पुत्र गुरतार सिंह मेहरा निवासी प्लॉट नंबर 49, वार्ड नंबर 1, शिवशक्ति विहार, बेनाड रोड, बोयतावाला, जयपुर की ओर से दायर इस्तगासे पर यह कार्रवाई की गई। एफआईआर के अनुसार, परिवादी ने आरोप लगाया है कि उसके भाई बलजीत सिंह के नाम जंक्शन के वार्ड नंबर 49, गांधीनगर स्थित मकान पर कब्जा करने की नीयत से आरोपी लगातार षड्यंत्र कर रहे हैं। परिवादी का कहना है कि इससे पहले भी वर्ष 2022 में उसके भाई के खिलाफ दर्ज कराए गए एक आपराधिक मामले में पुलिस ने जांच के बाद नकारात्मक प्रतिवेदन पेश किया था। परिवाद में आरोप लगाया गया है कि परमजीत कौर पत्नी सोमप्रकाश निवासी दुलची के रोड, कम्बोज नगर, जिला फिरोजपुर, पंजाब, जगजीत सिंह पुत्र गुरतार सिंह निवासी केयर ऑफ अशोक कुमार वर्मा, वार्ड नंबर 53, इंदिरा गांधी स्कूल के पास, सुरेशिया, जंक्शन तथा गुरतार सिंह पुत्र कपूर सिंह निवासी वार्ड नंबर 49, गांधीनगर, जंक्शन हाल केयर ऑफ अशोक कुमार वर्मा, वार्ड नंबर 53, सुरेशिया, जंक्शन ने मिलकर परिवादी को पुलिस कार्रवाई और नौकरी छूटने का भय दिखाया। आरोपियों ने परिवादी को विश्वास में लेकर स्टाम्प पेपर और खाली कागज पर उसका नाम लिखवाया। उसने उन दस्तावेजों पर हस्ताक्षर नहीं किए थे, लेकिन बाद में उसके नाम से एक कथित राजीनामा तैयार कर लिया गया। जब राजीनामे की प्रति उसे व्हाट्सएप पर मिली तो उसमें 10 लाख रुपए देने सहित कई ऐसी शर्तंे दर्ज थीं, जिनसे वह सहमत नहीं था। जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने कथित तौर पर कहा कि या तो 10 लाख रुपए दो और राजीनामे की शर्तंे मानो, अन्यथा उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर राशि वसूल की जाएगी। बाद में पंचायत में भी आरोपियों ने कथित रूप से दस्तावेज वापस देने से इनकार कर दिया। न्यायालय से प्राप्त इस्तगासे के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच एएसआई कालूराम को सौंपी है।
