हनुमानगढ़। अटल भूजल योजना के तहत निर्मित डिग्गियों की अनुदान राशि, एमएसपी पर खरीदे गए गेहूं का भुगतान, धान-मूंग की सरकारी खरीद सहित किसानों की विभिन्न लंबित मांगों को लेकर सोमवार को किसान प्रतिनिधिमंडल ने अतिरिक्त जिला कलक्टर उम्मेदी लाल मीणा को ज्ञापन सौंपा। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि 30 जुलाई से पहले उनकी मांगों का समाधान नहीं हुआ तो हनुमानगढ़ दौरे पर आ रहे किसान आयोग के अध्यक्ष सीआर चौधरी का विरोध किया जाएगा। भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष रेशम सिंह माणुका ने कहा कि किसानों की समस्याओं को लेकर लगातार प्रशासन को ज्ञापन सौंपे जा रहे हैं। इससे पहले प्रभारी मंत्री और प्रभारी सचिव को भी हनुमानगढ़ आगमन के दौरान मांगपत्र सौंपा जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार स्वयं को किसान हितैषी बताती है, लेकिन किसानों की वास्तविक समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा। माणुका ने बताया कि किसान आयोग के अध्यक्ष सीआर चौधरी का 30 जुलाई को हनुमानगढ़ दौरा प्रस्तावित है। इसी को देखते हुए एडीएम को लिखित ज्ञापन सौंपकर मांग की गई है कि निर्धारित तिथि से पहले किसानों की सभी प्रमुख मांगों का समाधान किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि सरकार और प्रशासन ने किसानों की समस्याओं का समय रहते समाधान नहीं किया तो 30 जुलाई को किसान आयोग अध्यक्ष के हनुमानगढ़ दौरे का विरोध किया जाएगा। इस दौरान सुभाष मक्कासर, रायसाहब, रविन्द्र सिंह सहित कई अन्य किसान प्रतिनिधि मौजूद रहे।
