हनुमानगढ़। भीम आर्मी भारत एकता मिशन की ओर से शुक्रवार को जंक्शन क्षेत्र में प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल मेघवाल की अध्यक्षता में आपात बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन विस्तार, महिला सुरक्षा, सामाजिक सरोकार और संगठन के नाम के कथित दुरुपयोग सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। इसमें जिला पदाधिकारी, महिला प्रकोष्ठ की प्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे। महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष मंजू बाला ने संगठन को मजबूत बनाने और अधिक से अधिक लोगों को सामाजिक कार्यों से जोड़ने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की रक्षा संगठन की प्राथमिकता है। समाज में महिलाओं के प्रति बढ़ रही घटनाओं को देखते हुए जागरूकता बढ़ाने और पीड़ित महिलाओं को सहयोग उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया। प्रदेश सचिव सुभाष आलड़िया ने आरोप लगाया कि कुछ लोग संगठन का नाम लेकर स्वयं को भीम आर्मी से जुड़ा बताकर लोगों को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम और महिला थाने से जुड़े मामलों में भी संगठन के नाम का कथित तौर पर व्यक्तिगत लाभ के लिए उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन का ऐसे लोगों या गतिविधियों से कोई संबंध नहीं है। प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल मेघवाल ने कहा कि भीम आर्मी भारत एकता मिशन संविधान के दायरे में रहकर सामाजिक न्याय, समानता और भाईचारे के लिए कार्य करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग संगठन की छवि धूमिल करने के उद्देश्य से उसके नाम का कथित दुरुपयोग कर रहे हैं, जिसे स्वीकार नहीं किया जाएगा। बैठक में 30 जून को महिला अधिवक्ता के साथ हुई कथित मारपीट की घटना का भी उल्लेख किया गया। संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि संबंधित अधिवक्ता पूर्व में संगठन में जिला स्तर के पद पर रही थीं। उनके अनुसार, स्थानीय स्तर पर जुटाई गई जानकारी में मामला संबंधित पक्षों के बीच आपसी विवाद से जुड़ा सामने आया। पदाधिकारियों ने यह भी दावा किया कि स्थानीय दुकानदारों और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के आधार पर विवाद का स्वरूप अलग प्रतीत हुआ। संगठन ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति व्यक्तिगत विवाद या कथित झूठे मामलों में संगठन के नाम का उपयोग करता है तो उसका समर्थन नहीं किया जाएगा। बैठक के अंत में कार्यकर्ताओं से संगठन की गरिमा बनाए रखने, सामाजिक कार्यों को प्राथमिकता देने तथा संगठन के नाम के कथित दुरुपयोग की सूचना वरिष्ठ पदाधिकारियों को देने की अपील की गई।
