हनुमानगढ़। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में अब ई-रिक्शा यूनियन ने भी सहयोग का कदम बढ़ाया है। ई-रिक्शा यूनियन प्रधान नक्षत्र सिंह ने अनूठी पहल करते हुए रात के समय ई-रिक्शा चालकों पर निगरानी रखने का निर्णय लिया है। यूनियन की ओर से सदस्य उमेश को रात्रिकालीन निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यूनियन के निर्णय के अनुसार, यदि रात के समय कोई ई-रिक्शा चालक नशे की हालत में वाहन चलाता हुआ पाया जाता है, तो इसकी सूचना तत्काल यूनियन प्रधान को दी जाएगी। इसके बाद संबंधित चालक के खिलाफ यूनियन स्तर पर कार्रवाई की जाएगी। प्रधान की ओर से ऐसे चालक को यूनियन से बाहर करने और ई-रिक्शा नहीं चलाने देने का निर्णय लिया जाएगा। यूनियन ने एक अन्य महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए कहा है कि कोई भी ई-रिक्शा चालक अपने साथ परिचालक नहीं रखेगा। ई-रिक्शा में केवल चालक ही मौजूद रहेगा। यूनियन का उद्देश्य यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के साथ ई-रिक्शा संचालन में अनुशासन बनाए रखना है। यूनियन प्रधान नक्षत्र सिंह ने सभी ई-रिक्शा चालकों से अपील की कि वे नशे की हालत में वाहन नहीं चलाएं। उन्होंने कहा कि नशे में वाहन चलाने से चालक की अपनी जान के साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ती है। यूनियन की इस पहल को जिला प्रशासन की ओर से चलाए जा रहे नशामुक्ति अभियान में स्थानीय स्तर पर सहयोग की पहल के रूप में देखा जा रहा है।
