– भादरा, नोहर, पीलीबंगा, रावतसर और टिब्बी में सामान्य खुले वर्ग के लिए अध्यक्ष पद, हनुमानगढ़ में सभापति और संगरिया में अध्यक्ष पद सामान्य महिला के लिए आरक्षित
हनुमानगढ़। राजस्थान में आगामी शहरी निकाय चुनावों से पहले हनुमानगढ़ जिले में निकाय प्रमुखों के आरक्षण की तस्वीर साफ हो गई है। जिले की सात नगर पालिकाओं और एक नगर परिषद में अध्यक्ष और सभापति पदों के लिए आरक्षण तय होने के बाद अब चुनावी समीकरण भी बदल गए हैं। जिले में पांच निकायों में अध्यक्ष पद सामान्य खुले वर्ग के लिए, जबकि दो निकायों में महिला वर्ग के लिए आरक्षित किए गए हैं। वहीं नवगठित गोलूवाला नगर पालिका में अध्यक्ष पद अनुसूचित जाति के खुले वर्ग के लिए आरक्षित किया गया है। आरक्षण के अनुसार हनुमानगढ़ नगर परिषद के सभापति पद को सामान्य महिला वर्ग के लिए आरक्षित किया गया है। वहीं संगरिया नगर पालिका के अध्यक्ष का पद भी सामान्य महिला वर्ग के लिए आरक्षित किया गया है। इसके अलावा भादरा, नोहर, पीलीबंगा, रावतसर और टिब्बी में अध्यक्ष पद सामान्य वर्ग के खुले वर्ग के लिए आरक्षित किए गए हैं। इन पांचों निकायों में अब सामान्य वर्ग के दावेदारों के बीच चुनावी मुकाबले की तस्वीर बनने लगी है। वहीं जिले की नवगठित गोलूवाला नगर पालिका में अध्यक्ष पद अनुसूचित जाति के खुले वर्ग के लिए आरक्षित किया गया है। नई नगर पालिका के गठन के बाद यहां पहली बार अध्यक्ष पद के लिए चुनाव होगा और अनुसूचित जाति वर्ग को नेतृत्व का अवसर मिलेगा। निकाय प्रमुखों के आरक्षण की प्रक्रिया के दौरान पारदर्शिता बनाए रखने के लिए दो स्कूली बच्चों से लॉटरी निकलवाई गई।
