हनुमानगढ़। विधानसभा क्षेत्र हनुमानगढ़ की ग्राम पंचायत जोड़कियां, किशनपुरा एवं मुंडा के लिए राज्य सरकार की ओर से सौगात दी गई है। इन तीनों ग्राम पंचायतों में 2-2 करोड़ रुपए की लागत से अटल पथ स्वीकृत किए गए हैं। इस प्रकार क्षेत्र में कुल 6 करोड़ रुपए की लागत से अटल पथों का निर्माण कराया जाएगा। अटल पथों की स्वीकृति से ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क व्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ ही आमजन को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है। ग्रामीणों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध होने से गांवों के विकास को भी गति मिलेगी। इस स्वीकृति पर हनुमानगढ़ विधायक गणेश राज बंसल ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी का आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया। विधायक ने कहा कि क्षेत्र के विकास और ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। अटल पथों के निर्माण से संबंधित ग्राम पंचायतों के लोगों को बेहतर सड़क सुविधा का लाभ मिलेगा और क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी।
