हनुमानगढ़। बहुजन समाज पार्टी राजस्थान की ओर से 23 अगस्त को जयपुर के बिड़ला ऑडिटोरियम में प्रदेश स्तरीय महासम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। महासम्मेलन की तैयारियों को लेकर बुधवार को बसपा की ओर से जिला मुख्यालय पर बैठक आयोजित की गई। पार्टी के केन्द्रीय प्रभारी सांसद श्रीराम गौतम के निर्देशानुसार जंक्शन स्थित अंबेडकर भवन में आयोजित बैठक में प्रदेश प्रभारी सीताराम सीला, जिलाध्यक्ष महावीर सहजीपुरा, जिला उपाध्यक्ष संजय अठवाल, जिला सचिव सुरेंद्र परिहार, विधानसभा क्षेत्र प्रभारी बीरबल घोटड़, विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष ताराचंद परिहार, संगरिया अध्यक्ष शंकर नायक, नत्थूराम धर्ट, महावीर धानिया, महेंद्र जिनागल एवं उमाशंकर सहित पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक में 23 अगस्त को जयपुर में होने वाले महासम्मेलन में हनुमानगढ़ जिले से अधिकाधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर रणनीति बनाई गई।

तय किया गया कि कार्यकर्ताओं को बसों के माध्यम से जयपुर ले जाया जाएगा। विधानसभा क्षेत्रवार कार्यकर्ताओं की संख्या निर्धारित करने और उनके आवागमन की व्यवस्था को लेकर भी मंथन किया गया। बैठक में आगामी निकाय चुनावों को लेकर भी चर्चा हुई। पार्टी की ओर से प्रत्येक वार्ड से प्रत्याशी मैदान में उतारने की संभावनाओं और इसके लिए संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया। बसपा जिलाध्यक्ष महावीर सहजीपुरा ने बताया कि महासम्मेलन की तैयारियों को लेकर 17 जुलाई से जिला मुख्यालय स्तर पर बैठकों का सिलसिला शुरू किया गया था।

इसके बाद पार्टी कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र में जनसंपर्क भी किया। उन्होंने महंगाई, पेपर लीक, शहर की खराब सड़कों, सीवरेज व्यवस्था और निराश्रित पशुओं की समस्या को लेकर सरकार एवं स्थानीय प्रशासन पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि शहर की कई सड़कें उखड़ी हुई हैं और सीवरेज व्यवस्था भी बदहाल है। उन्होंने जनता से बसपा को एक अवसर देने का आह्वान करते हुए कहा कि पार्टी जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास करेगी।
