हनुमानगढ़। विद्यार्थियों, युवाओं, अभिभावकों एवं आमजन में खेलों के प्रति रुचि और जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से खेल एवं खिलाड़ियों को समर्पित संस्था क्रीड़ा भारती की ओर से क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा-2026 का आयोजन किया जा रहा है। परीक्षा को लेकर क्रीड़ा भारती हनुमानगढ़ ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी सिलसिले में क्रीड़ा भारती की साधारण सभा की बैठक हनुमानगढ़ इंटरनेशनल स्कूल में प्रांतीय संयोजक ओम पुरोहित के मुख्य आतिथ्य तथा प्रांतीय सह मंत्री मदनलाल बिश्नोई की अध्यक्षता में आयोजित हुई। इस दौरान क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा-2026 के पोस्टर का विमोचन भी किया गया। बैठक में परीक्षा का व्यापक प्रचार-प्रसार करने, विद्यालयों, महाविद्यालयों, खेल संस्थाओं एवं आमजन को परीक्षा से जोड़ने तथा अधिकाधिक पंजीकरण करवाने को लेकर चर्चा की गई। क्रीड़ा भारती हनुमानगढ़ ने जिले से 5000 परीक्षार्थियों को परीक्षा में शामिल करवाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। क्रीड़ा भारती के जिला संयोजक दलीप वर्मा ने बताया कि क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा 6 सितंबर को आयोजित होगी। परीक्षा में शामिल होने के लिए न्यूनतम आयु 12 वर्ष निर्धारित है, जबकि ऊपरी आयु सीमा नहीं है। प्रतिभागी मोबाइल, लैपटॉप अथवा कंप्यूटर के माध्यम से घर बैठे ऑनलाइन परीक्षा दे सकेंगे। परीक्षा में 20 मिनट में 50 प्रश्नों के उत्तर देने होंगे। परीक्षा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण किया जा सकता है। प्रतिभागी स्वयं अथवा समूह के रूप में पंजीकरण कर सकेंगे। पंजीकरण के दौरान प्रति परीक्षार्थी 20 रुपए सहयोग राशि का ऑनलाइन भुगतान करना होगा। जिलाध्यक्ष मदनलाल सुथार ने बताया कि परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को आकर्षक नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। इन नकद पुरस्कारों के लिए पात्रता 12 से 35 वर्ष आयु वर्ग के प्रतिभागियों के लिए निर्धारित है। राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम विजेता को एक लाख रुपए, द्वितीय पुरस्कार के रूप में दो विजेताओं को 50-50 हजार रुपए, तृतीय पुरस्कार के रूप में छह विजेताओं को 25-25 हजार रुपए तथा चतुर्थ पुरस्कार के रूप में 11 विजेताओं को 11-11 हजार रुपए दिए जाएंगे। चतुर्थ पुरस्कार संगठन के 11 क्षेत्रों में एक-एक विजेता को प्रदान किया जाएगा। प्रांत स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 5100 रुपए, द्वितीय स्थान पर 2100 रुपए तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 1100 रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा। बैठक में स्पष्ट किया गया कि परीक्षा में हिस्सा लेने के लिए ऊपरी आयु सीमा नहीं है, लेकिन निर्धारित नकद पुरस्कार केवल 12 से 35 वर्ष आयु वर्ग के प्रतिभागियों के लिए ही होंगे। परीक्षा में शामिल होने वाले प्रतिभागी अगले दिन शाम 4 बजे के बाद अपने परीक्षा परिणाम एवं प्रदर्शन से संबंधित मार्कशीट तथा प्रमाण-पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। इससे प्रतिभागियों को अपने प्रदर्शन का आकलन करने के साथ परीक्षा में प्राप्त उपलब्धि का प्रमाण-पत्र भी प्राप्त होगा। बैठक में क्रीड़ा भारती के जिला कोषाध्यक्ष भारतेंदु सैनी, हनुमानगढ़ इंटरनेशनल स्कूल की प्रधानाचार्य डॉ. रेखा तनेजा, जिला साइकिलिंग संघ के संयुक्त सचिव योगेंद्र सिंह, विजय मोयल, पंचायत समिति सदस्य संघ के जिलाध्यक्ष लक्ष्मण बेनीवाल, कोच सुनील सांवरिया, राजेश बागोरिया, कोच सुशील निमिवाल, जय सिंह, भूपेंद्र सिंह, दुलीचंद निमिवाल मौजूद रहे।
