हनुमानगढ़। बाइक से गांव लौट रहे दो युवकों को रास्ते में रोककर हमला करने, नकदी छीनने, मोबाइल फोन तोड़ने और सोशल मीडिया पर मारपीट का वीडियो वायरल कर धमकी देने का मामला सामने आया है। मामले में टाउन थाना पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार संदीप सिंह (32) पुत्र कुलवंत सिंह रायसिख निवासी वार्ड नंबर 1, फतेहपुर तहसील संगरिया ने थाने में रिपोर्ट दी। रिपोर्ट में बताया कि 19 अगस्त की शाम करीब 7 बजे वह अपने साथी बलदेव सिंह पुत्र प्रीतम सिंह निवासी फतेहपुर के साथ बाइक से टाउन बाजार से गांव लौट रहा था। दोनों अमरपुरा थेड़ी स्थित ईंट भ_ों के पास पहुंचे तो वहां पहले से घात लगाकर खड़े बलजीत सिंह पुत्र कालासिंह, संदीप सिंह पुत्र राजेंद्र सिंह तथा पिंटी पुत्र रामसिंह, तीनों निवासी फतेहपुर ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने उन्हें जबरन नीचे गिरा दिया और जान से मारने की नीयत से गंडासी एवं धारदार हथियारों से हमला किया। हमले में संदीप सिंह के सिर पर चोट लगी, जबकि उसके साथी बलदेव सिंह के शरीर पर गंभीर चोटें आईं। बलदेव सिंह की हालत गंभीर होने के कारण उसे राजकीय जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। मारपीट के दौरान आरोपियों ने उसकी जेब से 2300 रुपए नकद निकाल लिए तथा बलदेव सिंह का मोबाइल फोन छीनकर जमीन पर पटककर तोड़ दिया। जाते समय आरोपियों ने पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। आरोपियों ने मारपीट की घटना का वीडियो बनाया और परिवादी को अपमानित करने की नीयत से उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। रिपोर्ट और चोटों के निरीक्षण के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। प्रकरण का अनुसंधान सहायक उपनिरीक्षक अमीचंद को सौंपा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
