हनुमानगढ़। रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर जिले में मिठाइयों एवं अन्य खाद्य सामग्री की बढ़ती मांग को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से विशेष दूध एवं खाद्य पदार्थ जांच अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए जा रहे हैं। श्रीमान आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा के मार्गदर्शन में 21 एवं 22 अगस्त को विशेष नमूनीकरण अभियान चलाया गया। सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि निरीक्षण अभियान के तहत 21 अगस्त को भादरा क्षेत्र में मैसर्स श्याम सुंदर रोशनलाल से मिक्स अचार, मैसर्स अपनी रसोई ढाबा से दही, मैसर्स श्री जोधपुर स्वीट कॉर्नर से कलाकंद, मैसर्स रूबल एजेंसी से मधुसूदन ब्रांड घी तथा मैसर्स इन्द्रचंद किशन चंद टेलटिया से धनिया पाउडर के नमूने लिए गए। इसी प्रकार 22 अगस्त को रावतसर क्षेत्र में मैसर्स सत्यम स्वीट्स से मीठा मावा, मैसर्स जोधपुर स्वीट भंडार से मीठा मावा तथा मैसर्स श्री जोधपुर मिष्ठान भंडार से मावा का नमूना लिया गया। सभी नमूनों को जांच के लिए बीकानेर स्थित जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला भेजा गया है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। डॉ. शर्मा ने बताया कि अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाने पर विशेष जोर दिया। विभाग की टीम में एफएसओ रफीक मोहम्मद, हीरावल्लभ, गुरुशरण सिंह, योगेश कुमार एवं हरजीत सिंह शामिल रहे। चिकित्सा विभाग द्वारा पर्व के दौरान भी मिठाइयों, मावे, दूध, घी एवं अन्य खाद्य सामग्री की नियमित जांच और नमूनीकरण जारी रहेगा, ताकि मिलावट पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके और आमजन को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।
