हनुमानगढ़। जिले में मादक पदार्थांे की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत टिब्बी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कार सवार दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 7.66 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की है। पुलिस ने मादक पदार्थ के परिवहन में प्रयुक्त कार को भी जब्त कर लिया। पुलिस के अनुसार शुक्रवार रात टिब्बी थाने के कार्यवाहक प्रभारी उप निरीक्षक प्रमोद सिंह टीम के साथ थाना क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान टिब्बी-संगरिया मार्ग पर रोही 15 एनजीसी में घग्घर नदी पुल के पास एक कार संदिग्ध परिस्थितियों में दिखाई दी। पुलिस टीम ने कार नंबर डीएल 3 सीबीजेड 5111 को रुकवाकर तलाशी ली। कार में दो व्यक्ति सवार मिले। पूछताछ में उनकी पहचान मोहनलाल (34) पुत्र रामकुमार और रमेश चन्द्र छाछिया (26) पुत्र पालाराम, दोनों निवासी वार्ड नंबर 12, टिब्बी के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक कार की तलाशी लेने पर दोनों के कब्जे से कुल 7.66 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया तथा तस्करी में प्रयुक्त कार को जब्त कर लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रकरण की आगे की जांच संगरिया थाने के उप निरीक्षक हरबंशलाल को सौंपी गई है। पुलिस आरोपियों से मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त और सप्लाई नेटवर्क को लेकर पूछताछ कर रही है।
