हनुमानगढ़। मुंडा गांव में घर से सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी होने का मामला सामने आया है। परिवादी गुरचरण सिंह पुत्र अर्जुन सिंह रायसिख निवासी मुंडा ने अपने रिश्तेदार राजेन्द्र सिंह पुत्र जसवंत सिंह निवासी बिंदुखेड़ा तहसील व जिला रुद्रपुर, उत्तर प्रदेश पर घर में चोरी करने का आरोप लगाया है। परिवाद पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचने के बाद टाउन पुलिस थाना में मामला दर्ज किया गया है। परिवादी के अनुसार 1 अगस्त को उसका रिश्तेदार राजेन्द्र सिंह उसके घर आया था। उस समय घर पर कोई नहीं था, क्योंकि वह अपनी लड़की को लाने के लिए तलवाड़ा गया हुआ था। इसी दौरान राजेन्द्र सिंह ने घर में रखे सामान पर हाथ साफ कर दिया। परिवाद में बताया गया कि घर के एक बक्से में करीब 15 तोला सोने के आभूषण, 250 ग्राम चांदी की चूड़ियां, 1 लाख 60 हजार रुपए नकद तथा एक गुल्लक रखी हुई थी, जिसमें करीब 5 से 10 हजार रुपए बताए गए हैं। बक्से पर ताला लगा हुआ था, लेकिन राजेन्द्र सिंह के घर से जाने के बाद बक्से का ताला टूटा हुआ मिला और सामान गायब था। परिवादी के मुताबिक राजेन्द्र सिंह 2 अगस्त की सुबह करीब 7 बजे वहां से रवाना हो गया था। चोरी का पता चलने के बाद जब उसे फोन किया गया तो उसने फोन बंद कर लिया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा के तहत अपराध बनना पाए जाने पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की तफ्तीश हेड कांस्टेबल बाबूलाल मीणा को सौंपी गई है। पुलिस अब आरोपी की तलाश, चोरी गए आभूषण व नकदी की बरामदगी तथा घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
