हनुमानगढ़। टाउन स्थित नेहरू मैमोरियल विधि महाविद्यालय के पूर्व विद्यार्थी रमन कुमार भोबिया पुत्र विजय सिंह निवासी सालीवाला तहसील टिब्बी का संघ लोक सेवा आयोग, नई दिल्ली की ओर से आयोजित परीक्षा के माध्यम से केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) में विधि लोक अभियोजक के पद पर चयन हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से महाविद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। रमन कुमार भोबिया ने नेहरू मैमोरियल विधि महाविद्यालय से विधि स्नातक (एलएलबी) की उपाधि प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने विधिक सेवाओं से संबंधित प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निरंतर मेहनत और लगन के साथ प्रयास किया। उनकी कड़ी मेहनत, एकाग्रता और दृढ़ संकल्प का परिणाम अब सीबीआई में विधि लोक अभियोजक के रूप में चयन के रूप में सामने आया है। रमन कुमार भोबिया की सफलता पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सीताराम ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें सम्मानित किया तथा उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मेहनत, लगन और एकाग्रता के साथ लक्ष्य की ओर बढ़ने वाले विद्यार्थी निश्चित रूप से सफलता हासिल करते हैं। उन्होंने कहा कि विधि स्नातक की उपाधि प्राप्त करने के बाद सरकारी सेवाओं सहित विधि के क्षेत्र में रोजगार एवं करियर की अनेक संभावनाएं उपलब्ध हैं। दृढ़ संकल्प के साथ निरंतर प्रयास करने वाले विद्यार्थी के लिए सफलता का मार्ग अवश्य खुलता है। इस मौके पर सह-आचार्य डॉ. केबी ओझा, सहायक आचार्य एवं प्रभारी विधिक सहायता क्लीनिक डॉ. बृजेश कुमार अग्रवाल सहित महाविद्यालय के अन्य आचार्य तथा शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक कर्मचारी मौजूद रहे।
