– निकाय चुनाव को लेकर कार्यकर्ता सम्मेलन में रणनीति पर मंथन
हनुमानगढ़। भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) का कार्यकर्ता सम्मेलन मंगलवार को आयोजित किया गया। सम्मेलन में आगामी नगर परिषद चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा करते हुए पार्टी ने तीन वार्डांे से अपने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की। माकपा ने वार्ड नंबर 5 से मुकदर अली, वार्ड नंबर 14 से गुरनायब सिंह तथा वार्ड नंबर 35 से बजजिन्द्र कौर को चुनाव मैदान में उतारने का ऐलान किया। सम्मेलन में पार्टी नेताओं ने कहा कि माकपा का उद्देश्य नगर परिषद में ऐसा बोर्ड बनाना है, जिसमें प्रगतिशील सोच रखने वाले, संविधान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध और आमजन की समस्याओं को लेकर शहर के विकास की आवाज उठाने वाले लोग शामिल हों।

नेताओं ने कहा कि नगर परिषद में महंगाई, बिजली, पानी और शहर में जल निकासी जैसी जनसमस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाया जाएगा। माकपा नेता रामेश्वर वर्मा ने भाजपा सरकार पर महंगाई को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा के सत्ता में आने के समय गुड़ करीब 30 रुपए प्रति किलोग्राम था, जो अब 90 रुपए तक पहुंच गया है। इसी तरह चीनी के दाम भी 35 रुपए से बढ़कर करीब 70 रुपए प्रति किलो हो गए हैं। उन्होंने पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण से वाहनों की एवरेज प्रभावित होने का दावा भी किया। वर्मा ने भाजपा के नगर परिषद में बोर्ड बनाने के दावे पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता में भाजपा के प्रति नाराजगी है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले दस वर्षांे में बड़ी संख्या में स्कूल बंद किए गए और उनकी उचित मरम्मत नहीं करवाई गई। उन्होंने सरकार की नीतियों को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि आम जनता की आमदनी घट रही है, जबकि संपत्तियां बढ़ रही हैं। रामेश्वर वर्मा ने कहा कि माकपा ने निर्दलीय विधायक गणेश राज बंसल से भी बातचीत की है और उन्हें बताया है कि पार्टी तीन वार्डांे में चुनाव लड़ रही है। उन्होंने कहा कि शेष वार्डांे में भाजपा को हराने के लिए माकपा प्रगतिशील एवं विकास की सोच रखने वाले निर्दलीय प्रत्याशियों की मदद करेगी।

उन्होंने ऐलान किया कि माकपा कार्यकर्ता प्रत्येक वार्ड में भाजपा को हराने के लिए निर्दलीय उम्मीदवारों के समर्थन में काम करेंगे। साथ ही उन्होंने तीनों वार्डांे में माकपा प्रत्याशियों की जीत का दावा किया। माकपा नेता ने कांग्रेस पर भी गुटबाजी का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी कई गुटों में बंटी हुई है। उन्होंने दावा किया कि पूर्व मंत्री के निवास पर टिकट के दावेदारों से आवेदन लिए जाने के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष और उनका गुट वहां नहीं पहुंचा।

सम्मेलन में नेताओं ने कहा कि माकपा नगर परिषद में जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी और शहर के विकास, महंगाई, बिजली, पेयजल तथा पानी की निकासी जैसी समस्याओं के समाधान के लिए मजबूती से आवाज उठाएगी। इस मौके पर रघुवीर वर्मा, चन्द्रकला वर्मा, बसंतसिंह, बहादुर सिंह चौहान सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
