- प्रदेश सह प्रभारी बोले-टिकट से वंचित भाजपा-कांग्रेस के बागियों को मिल सकता है आप का टिकट
हनुमानगढ़। आम आदमी पार्टी राजस्थान के प्रदेश सह प्रभारी विकास बग्गा ने दावा किया है कि भाजपा और कांग्रेस के कई ऐसे लोग पार्टी के संपर्क में हैं, जो दोनों दलों से टिकट नहीं मिलने की स्थिति में आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि यदि हनुमानगढ़ नगर परिषद के किसी वार्ड में आप का कोई कार्यकर्ता चुनाव लड़ने का इच्छुक नहीं है और भाजपा-कांग्रेस का कोई बागी पार्टी के तय मापदंडों को पूरा करता है, तो उसे भी आप की ओर से टिकट दिया जा सकता है। शुक्रवार को जंक्शन स्थित पीआर अकेडमी में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में विकास बग्गा ने कहा कि आम आदमी पार्टी इस बार हनुमानगढ़ नगर परिषद के चुनाव में पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेगी और सभी 60 वार्डांे में प्रत्याशी उतारने की तैयारी है। उन्होंने कहा कि राजस्थान की जनता अब आम आदमी पार्टी को तीसरे विकल्प के रूप में देखने लगी है। पार्टी जहां-जहां सत्ता में आई, वहां किए गए वादों को पूरा करने का प्रयास किया गया। इसी संदेश को लेकर आप कार्यकर्ता प्रदेशभर में जनता के बीच पहुंच रहे हैं।
‘राजस्थान में इस बार बदलाव के संकेत
विकास बग्गा ने कहा कि आम आदमी पार्टी पहले की तुलना में राजस्थान में अधिक मजबूत हुई है। पार्टी अब गांव-गांव और वार्ड-वार्ड तक संगठन को मजबूत करने में जुटी है। उन्होंने दावा किया कि इस बार राजस्थान की राजनीति में परिवर्तन देखने को मिलेगा और आम आदमी पार्टी पूरी मजबूती के साथ अपनी उपस्थिति दर्ज कराएगी।
‘भाजपा-कांग्रेस के पास प्रत्याशी नहीं
आप जिलाध्यक्ष सुरेंद्र बेनीवाल ने कहा कि हनुमानगढ़ नगर परिषद क्षेत्र में भाजपा और कांग्रेस के सामने चुनाव लड़ने के लिए प्रत्याशियों की कमी की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने कहा कि पूर्व में नगर परिषद में कांग्रेस का बोर्ड बना था, जो बाद में भाजपा में शामिल हो गया। अब पूरा घटनाक्रम निर्दलीय गुट के रूप में सामने आ चुका है। ऐसे में जनता असमंजस में है कि वह किसके साथ जाए।
छह प्रत्याशियों की पहली सूची जारी
बीकानेर संभाग के संगठन प्रभारी, प्रदेश सचिव एवं जिला चुनाव प्रभारी राजवीर माली ने बताया कि आम आदमी पार्टी ने जिले में छह प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी है। पार्टी को लगातार आवेदन प्राप्त हो रहे हैं, जिनकी स्क्रीनिंग की जा रही है। प्रदेश स्तर से हरी झंडी मिलने के बाद दूसरी और तीसरी सूची भी जल्द जारी की जाएगी। प्रेस कॉन्फ्रेंस में सचिन कौशिक सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
