हनुमानगढ़। रावतसर थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग के कमरे से बटुआ निकालकर उसमें रखी हजारों रुपए की नकदी चोरी करने का मामला सामने आया है। परिवादी ने अपने रिश्ते के दोहते पर चोरी का आरोप लगाते हुए रावतसर पुलिस थाने में रिपोर्ट दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी रिपोर्ट में प्रेम कुमार (68) पुत्र सुरजाराम बिश्नोई निवासी चक 5 केडब्ल्यूएम ने बताया कि 5 जुलाई को अपराह्न करीब 3 बजे वह अपनी ढाणी में बने कमरे में मौजूद था। इसी दौरान गांव के रिश्ते में उसका दोहता लगने वाला पवन कुमार पुत्र बंशीलाल निवासी चक 7 केडब्ल्यूडी उसके पास आया और कुछ देर तक बैठा रहा। परिवादी के अनुसार, पवन कुमार ने उससे कहा कि उसे पानी पीना है और बाहर गाड़ी में उसके साथ कुछ अन्य लोग भी बैठे हैं। उसने बुजुर्ग से अंदर से एक बड़ा जग ठंडा पानी भरकर लाने को कहा। प्रेम कुमार पानी लेने कमरे के अंदर चला गया। प्रेम कुमार का कुर्ता कमरे में टंगा हुआ था और उसकी जेब में बटुआ रखा था। बटुए में करीब 6500 से 6700 रुपए नकद थे। परिवादी का आरोप है कि उसकी गैरमौजूदगी में पवन कुमार ने कुर्ते की जेब से बटुआ निकालकर उसमें रखी नकदी निकाल ली। बुजुर्ग ने बताया कि जब वह पानी लेकर वापस आया तो पवन कुमार कमरे के बाहर खड़ा था और जल्दबाजी में वहां से चला गया। उसके व्यवहार से वह घबराया हुआ भी नजर आ रहा था। बाद में बटुआ संभालने पर उसमें से नकदी गायब मिली। बटुए में रखी कुछ पर्चियां बिखरी हुई थीं और कुछ जरूरी कागजात भी गायब थे। घटना के बाद उसने पवन कुमार से संपर्क कर पैसे वापस मांगे, लेकिन वह लगातार टालमटोल करता रहा। 28 अगस्त की सुबह जब प्रेम कुमार ने दोबारा उससे पैसे मांगे तो पवन कुमार आग-बबूला हो गया और धमकी देते हुए कहा कि उसने पैसे चुराने थे, वह चुरा लिए हैं और अब जो करना है कर लो। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच सहायक उपनिरीक्षक प्रेम कुमार को सौंपी है। पुलिस मामले में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।
