- पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश, विद्यार्थियों और वरिष्ठ नागरिकों ने लिया पौधों की देखभाल का संकल्प
हनुमानगढ़। पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने और प्रकृति के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के उद्देश्य से सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, हनुमानगढ़ तथा सहायक उपवन संरक्षक कार्यालय के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को जिलेभर के राजकीय छात्रावासों एवं वृद्धाश्रमों में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत व्यापक पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के दौरान विद्यार्थियों, छात्रावास अधीक्षकों, विभागीय कार्मिकों, वृद्धाश्रमों में निवासरत वरिष्ठ नागरिकों एवं अन्य प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक व्यक्ति को अपनी माँ के सम्मान एवं स्मृति में एक पौधा लगाने तथा उसके संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित करना रहा। इस अवसर पर पौधारोपण के साथ-साथ प्रतिभागियों को हरित पर्यावरण के महत्व, जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों तथा वृक्षों की उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

विद्यार्थियों को बताया गया कि पौधे केवल लगाने तक ही सीमित न रहें, बल्कि उनकी नियमित देखभाल कर उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित करना भी उतना ही आवश्यक है। वृद्धाश्रमों में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ नागरिकों ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। बुजुर्गों और विद्यार्थियों की संयुक्त सहभागिता ने अभियान को भावनात्मक स्वरूप प्रदान किया। उपस्थित जनों ने पौधों की सिंचाई, सुरक्षा एवं नियमित देखभाल का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने का आह्वान किया। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने सभी राजकीय छात्रावासों एवं वृद्धाश्रमों में लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल, सिंचाई एवं संरक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। विद्यार्थियों को पौधों की जिम्मेदारी सौंपकर उनमें प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम में सहायक उपवन संरक्षक श्री गगनदीप जांदू सहित विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता निभाई। सभी उपस्थितजनों ने पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण बढ़ाने तथा लगाए गए पौधों को वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने का सामूहिक संकल्प लिया।
