हनुमानगढ़। जिला प्रशासन के निर्देशन में मंगलवार को सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जडावाली में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों की पालना, नशामुक्ति तथा दुर्घटना पीड़ितों की सहायता के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम में ट्रैफिक इंचार्ज अनिल चिंदा ने विभिन्न जागरूकता पोस्टरों के माध्यम से विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा सड़क पर सावधानीपूर्वक वाहन चलाने का संदेश दिया।

उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कर अनेक दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है। इस दौरान विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से भी अवगत कराया गया। चिंदा ने युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि यदि कहीं भी नशे का अवैध व्यापार या गतिविधियां दिखाई दें तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस विभाग को दें, ताकि समाज को नशामुक्त बनाने में सभी की सहभागिता सुनिश्चित हो सके। कार्यक्रम में आयुष्मान जीवन रक्षक योजना की जानकारी देते हुए बताया गया कि सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाने में सहयोग करना सबसे बड़ा मानवीय कार्य है।

विद्यार्थियों को दुर्घटना पीड़ितों की सहायता के लिए आगे आने तथा जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया। जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों से जुड़े प्रश्न पूछे गए। सही उत्तर देने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम के समापन पर सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं उपस्थितजनों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई तथा सुरक्षित यातायात व्यवहार अपनाने, नशे से दूर रहने और समाज में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प कराया गया।

