हनुमानगढ़। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर इंटरनेशनल सोसायटी फॉर कृष्ण कॉन्शियसनेस (इस्कॉन), हनुमानगढ़ की ओर से 3 से 5 सितम्बर तक तीन दिवसीय श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव का आयोजन टाउन-जंक्शन रोड स्थित राजवी पैलेस में होगा। तीनों दिन धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ श्रद्धालुओं के लिए रात्रि भोजन प्रसाद की व्यवस्था रहेगी। महोत्सव के पहले दिन 3 सितम्बर को शाम 6 से रात 9 बजे तक भजन-कीर्तन, श्रीकृष्ण कथा, सांस्कृतिक कार्यक्रम, आरती एवं रात्रि महाप्रसाद का आयोजन होगा। दूसरे दिन 4 सितम्बर को जन्माष्टमी के अवसर पर शाम 6 बजे से मध्यरात्रि तक विशेष धार्मिक कार्यक्रम होंगे। शाम 6 बजे भजन एवं कीर्तन, शाम 7 बजे श्रीकृष्ण जन्म कथा तथा रात 8.10 बजे श्रीश्री राधाकृष्ण महाअभिषेक होगा। इसके बाद छप्पन भोग दर्शन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। रात 12 बजे श्रीश्री राधाकृष्ण महाआरती होगी। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए रात्रि भोजन प्रसाद की व्यवस्था रहेगी। महोत्सव के तीसरे दिन 5 सितम्बर को 131वें श्रील प्रभुपाद व्यास पूजा, नंदोत्सव एवं श्रील प्रभुपाद प्राकट्य दिवस के उपलक्ष्य में कार्यक्रम आयोजित होंगे। शाम 6 बजे भजन एवं कीर्तन, 6.30 बजे श्रील प्रभुपाद जी की महिमा, रात 8 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा 8.10 बजे गुरु पूजा होगी। इस दिन भी श्रद्धालुओं के लिए रात्रि भोजन प्रसाद की व्यवस्था रहेगी। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से तीनों दिन अधिक से अधिक संख्या में महोत्सव में शामिल होने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित भजन-कीर्तन, कथा एवं धार्मिक कार्यक्रमों में सहभागिता कर श्रद्धालु आध्यात्मिक आनंद प्राप्त कर सकते हैं।
