– सड़क, नाली, पानी, बिजली और पट्टों की समस्याओं के समाधान का संकल्प, विकास के मुद्दे पर मांगा जनता का समर्थन
हनुमानगढ़। नगर परिषद के वार्ड नंबर 36 से भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी सुनीता देवी का चुनाव प्रचार अभियान जोर-शोर से जारी है। भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ वे वार्ड के विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क कर मतदाताओं से समर्थन और आशीर्वाद मांग रही हैं। प्रचार के दौरान वार्ड की लंबे समय से लंबित समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए उनके समाधान का भरोसा दिलाया जा रहा है। भाजपा नगर मंडल उपाध्यक्ष हनुमानगढ़ टाउन राजेंद्र वर्मा ने बताया कि उनकी धर्मपत्नी सुनीता देवी वार्ड नंबर 36 से भाजपा प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में हैं। उन्होंने कहा कि वार्ड में वर्षों से चली आ रही मूलभूत समस्याओं के स्थायी समाधान के उद्देश्य से सुनीता देवी ने चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है। राजेंद्र वर्मा ने बताया कि वार्ड 35 की करतारपुर कॉलोनी में सड़कों का निर्माण नहीं होना सबसे बड़ी समस्या है। इसी प्रकार ढोली बस्ती में भी सड़क और नालियों का अभाव है। कई क्षेत्रों में लाइट और पानी की उचित व्यवस्था नहीं है, जबकि पूरे वार्ड में कम वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। उन्होंने कहा कि जनता ने मौका दिया तो कम वोल्टेज की समस्या के समाधान के लिए आवश्यकता पड़ने पर नई डीपी लगवाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मीरा नगरी, करतारपुर कॉलोनी और साईं कॉलोनी का कन्वर्जन नहीं होने के कारण लोगों के पट्टे नहीं बन पा रहे हैं।

पट्टे नहीं बनने से अनेक परिवार प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ लेने से वंचित हैं। सुनीता देवी ने भरोसा दिलाया कि पार्षद चुने जाने पर इन समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करवाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे। नहर के पास 14 एचएमएच क्षेत्र में बनी ढाणियों में पेयजल संकट को भी उन्होंने गंभीर समस्या बताया। राजेंद्र वर्मा के अनुसार, इस समस्या के समाधान के लिए वे लंबे समय से वाटर वर्क्स विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर रहे हैं। चुनाव जीतने के बाद इस क्षेत्र में पानी की समस्या का स्थायी समाधान करवाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। उन्होंने बताया कि वार्ड नंबर 36 पूर्व में वार्ड नंबर 34 के नाम से जाना जाता था। वे स्वयं भी पूर्व में नगर परिषद चुनाव में भाजपा प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ चुके हैं और करीब 50 मतों से हार गए थे। इसके बावजूद उन्होंने वार्ड की सेवा और जनसमस्याओं के समाधान के प्रयासों में कोई कमी नहीं छोड़ी। पिछले सात वर्षों से वे लगातार वार्डवासियों के बीच सक्रिय रहे हैं और भाजपा संगठन में भी पूरी निष्ठा से कार्य कर रहे हैं। वे भाजपा ओबीसी मोर्चा के उपाध्यक्ष पद पर भी रह चुके हैं। राजेंद्र वर्मा ने वार्डवासियों से अपील की कि वे सुनीता देवी को अपना समर्थन और मत देकर विजयी बनाएं, ताकि वार्ड में सड़क, नाली, बिजली, पानी, पट्टे और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का समाधान हो सके तथा वार्ड का चहुंमुखी विकास सुनिश्चित किया जा सके।
