हनुमानगढ़। मादक पदार्थां की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत गोलूवाला थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को एक किलोग्राम अफीम सहित गिरफ्तार किया है। जब्त अफीम की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपए बताई गई है। जिला पुलिस अधीक्षक बी आदित्य ने बताया कि जिले में मादक पदार्थां की तस्करी पर अंकुश लगाने तथा नशा तस्करों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई एवं वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान ऑपरेशन चक्रव्यूह चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जिले के सभी पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में नशा तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविन्द बिश्नोई, वृत्ताधिकारी हनुमानगढ़ मीनाक्षी सहारण के निकटतम सुपरविजन तथा गोलूवाला थाना प्रभारी रजनदीप कौर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, कैंचियां चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक गुरदेव सिंह बुधवार रात्रि को मय टीम गश्त पर थे। इसी दौरान थिराजवाला-लखासर रोड, रोही 14 एलजीडब्ल्यू/बी के पास संदिग्ध गतिविधि के आधार पर एक व्यक्ति की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक किलोग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी सुभाष चन्द्र (27) पुत्र निम्बाराम बिश्नोई निवासी उदानियों की ढाणी, सांवरिज, जिला फलौदी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की आगे की जांच सदर पुलिस थाना हनुमानगढ़ प्रभारी राजीव रॉयल की ओर से की जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक गुरदेव सिंह, कांस्टेबल विक्रमजीत, सर्वजीत सिंह तथा संजय शामिल रहे।
