– पूर्व पार्षद रामसिंह सिद्धू बोले-जनता इस बार बदलाव के मूड में, सेवा और विकास के मुद्दों पर चुनाव लड़ रहे हैं
हनुमानगढ़। जंक्शन के वार्ड नंबर 49 से कांग्रेस प्रत्याशी अमनदीप कौर के चुनाव कार्यालय में शुक्रवार को वार्ड क्षेत्र की सुख-समृद्धि, उन्नति एवं विकास के लिए अरदास करवाई गई। इस दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे। सभी ने अरदास कर कांग्रेस प्रत्याशी की सफलता, क्षेत्र के विकास के लिए काम करने की शक्ति और सभी को सद्बुद्धि प्रदान करने की प्रार्थना की। इस अवसर पर पूर्व पार्षद रामसिंह सिद्धू ने कहा कि उनका उद्देश्य राजनीति नहीं, बल्कि क्षेत्र की सेवा करना है। उन्होंने कहा कि वे लंबे समय से शहर के विभिन्न जनहित के मुद्दों को लेकर सक्रिय रहे हैं। रेलवे स्टेशन से जुड़े मुद्दे हों या सतीपुरा ओवरब्रिज के बीच दीवार निकालने का मामला, उन्होंने इन समस्याओं को प्रमुखता से उठाया और इनके समाधान के लिए संघर्ष किया। सिद्धू ने कहा कि उन्होंने कभी किसी मुद्दे को केवल चुनाव के नजरिए से नहीं देखा। जनता की समस्या जहां भी सामने आती है, वे उसे उठाने और उसके समाधान के लिए संघर्ष करने को अपना दायित्व मानते हैं। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि का काम केवल चुनाव के समय जनता के बीच जाना नहीं, बल्कि पूरे कार्यकाल क्षेत्रवासियों के सुख-दुख में साथ खड़ा रहना है। चुनावी माहौल पर उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी अमनदीप कौर के समर्थन में कहा कि वार्ड की जनता इस बार विकास, शांति और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने विपक्षी प्रत्याशी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि क्षेत्र में नशे, जुआ और सट्टे जैसी गतिविधियों को लेकर लोगों में नाराजगी है और जनता इस बार इसका जवाब मतदान के माध्यम से देने के लिए तैयार है। सिद्धू ने कहा कि वार्ड की जनता ऐसे प्रतिनिधि को चुनना चाहती है जो क्षेत्र की समस्याओं को मजबूती से उठाए और हर वर्ग के लिए उपलब्ध रहे। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी अमनदीप कौर के पक्ष में मतदान की अपील करते हुए कहा कि यह चुनाव केवल प्रत्याशी चुनने का नहीं, बल्कि वार्ड के भविष्य और विकास की दिशा तय करने का चुनाव है। अरदास के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों ने एकजुट होकर अमनदीप कौर की जीत का संकल्प लिया। इस मौके पर बड़ी संख्या में वार्डवासी एवं कांग्रेस समर्थक मौजूद रहे।
