– अमित सहू बोले-भ्रष्टाचार के खिलाफ एकजुट है भाजपा, राजेन्द्र वर्मा ने गिनाईं वार्ड की प्राथमिकताएं
हनुमानगढ़। टाउन के वार्ड नंबर 36 से भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी सुनीता देवी के चुनाव कार्यालय का शुक्रवार को भाजपा नेता अमित सहू ने उद्घाटन किया। इस अवसर पर आयोजित सभा में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में वार्डवासियों ने भाग लिया। उद्घाटन के साथ ही भाजपा ने वार्ड में चुनाव प्रचार अभियान को गति देते हुए विकास के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। सभा को संबोधित करते हुए भाजपा नेता अमित सहू ने कहा कि नगर परिषद चुनाव में भाजपा से टिकट की दावेदारी करने वाले सभी कार्यकर्ता ईमानदार और कर्मठ हैं तथा लंबे समय से पार्टी के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रहे हैं।

आपसी सहमति और संगठन की भावना के अनुरूप सुनीता देवी को प्रत्याशी बनाया गया है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद के सभी 60 वार्डों में भाजपा कार्यकर्ता भ्रष्टाचार के खिलाफ एकजुट होकर चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा नगर मंडल टाउन के उपाध्यक्ष राजेन्द्र वर्मा ने कहा कि वार्ड नंबर 36 की जनता लंबे समय से कई मूलभूत समस्याओं का सामना कर रही है। उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी सुनीता देवी इन्हीं समस्याओं के समाधान और वार्ड के विकास के संकल्प के साथ चुनाव मैदान में हैं।
कम वोल्टेज और बिजली व्यवस्था में सुधार प्राथमिकता
वर्मा ने कहा कि वार्ड की सबसे प्रमुख समस्याओं में कम विद्युत वोल्टेज और पर्याप्त विद्युत आपूर्ति का अभाव शामिल है। चुनाव जीतने के बाद विद्युत व्यवस्था में सुधार करवाना उनकी प्राथमिकताओं में रहेगा, ताकि वार्डवासियों को बेहतर बिजली सुविधा मिल सके। उन्होंने बताया कि नहर के आसपास स्थित ढाणियों में पेयजल की गंभीर समस्या है। इन क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए वाटर वर्क्स के माध्यम से प्रयास किए जा रहे हैं। प्रयास रहेगा कि वहां वाटर वर्क्स की व्यवस्था विकसित कर ढाणियों तक नियमित स्वच्छ पेयजल पहुंचाया जाए।
करतारपुर कॉलोनी और ढोली बस्ती का होगा विकास
राजेन्द्र वर्मा ने कहा कि वार्ड की करतारपुर कॉलोनी और ढोली बस्ती में सड़क, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। इन क्षेत्रों में सड़क निर्माण करवाने के साथ लाइट और पानी की समस्या का समाधान उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने बताया कि एसआरएम स्कूल से नन्दराम की ढाणी चौराहे तक तथा वार्ड की अंदरूनी सड़कों पर स्ट्रीट लाइटें लगवाने का प्रयास किया जाएगा, जिससे रात के समय आवागमन सुरक्षित एवं सुविधाजनक हो सके।
पट्टे-रजिस्ट्री की समस्या दूर कर पीएम आवास योजना का दिलाएंगे लाभ
वर्मा ने कहा कि साईं कॉलोनी, मीरा नगरी सहित चार-पांच कॉलोनियों में कन्वर्जन नहीं होने के कारण मकानों के पट्टे और रजिस्ट्री नहीं बन पा रहे हैं। इसके चलते पात्र परिवार प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभ से भी वंचित हैं।

उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने के बाद इन कॉलोनियों की इस समस्या के समाधान के लिए प्रयास किया जाएगा तथा पात्र निवासियों के मकानों के पट्टे बनवाकर उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की दिशा में काम किया जाएगा। इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे। कार्यालय उद्घाटन के साथ भाजपा कार्यकर्ताओं ने वार्ड में घर-घर संपर्क अभियान तेज करने तथा प्रत्याशी सुनीता देवी के पक्ष में मतदान की अपील करने का संकल्प लिया।
