– पूर्व मंत्री डॉ. रामप्रताप बोले7दो बार पार्षद रहकर निभाई जिम्मेदारी, जनता एक-एक वोट की कीमत समझे
हनुमानगढ़। जंक्शन के वार्ड नंबर 17 से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी हिमांशु महर्षि के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन शुक्रवार को पूर्व मंत्री डॉ. रामप्रताप ने किया। इस अवसर पर छन्नो बाई, मैना बाई, देवेन्द्र अग्रवाल, संजय शर्मा सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे। कार्यालय उद्घाटन के साथ ही भाजपा ने वार्ड में चुनाव प्रचार को तेज कर दिया।

पूर्व मंत्री डॉ. रामप्रताप ने कहा कि हिमांशु महर्षि पूर्व में भाजपा के टिकट पर दो बार पार्षद चुने जा चुके हैं और उन्होंने अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा के साथ निभाई है। उनके कार्यकाल में वार्ड के विकास में किसी प्रकार की कमी नहीं छोड़ी गई। उन्होंने वार्डवासियों से आह्वान किया कि वे चुनाव में एक-एक वोट की कीमत समझें और भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान कर विकास की निरंतरता बनाए रखें।
जल निकासी के साथ नहरी पानी की सुविधा प्राथमिकता
भाजपा प्रत्याशी हिमांशु महर्षि ने कहा कि वार्ड में जल निकासी की समस्या लंबे समय से चली आ रही है। उन्होंने अपने पूर्व कार्यकाल में वार्डवासियों को नहरी पानी की सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए लगातार प्रयास किए, जिनमें करीब 90 प्रतिशत कार्य पूरे हो चुके हैं। शेष 10 प्रतिशत कार्य भी पूरा करवाकर आगामी एक वर्ष में वार्डवासियों को नहरी पानी की सुविधा उपलब्ध करवाने का लक्ष्य है।

उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी प्रत्याशी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे पूर्व में वार्ड नंबर 18 से पार्षद रहे हैं, लेकिन अब वार्ड नंबर 17 से चुनाव मैदान में हैं। महर्षि ने आरोप लगाया कि वार्ड नंबर 18 में अपने कार्यकाल के दौरान अपेक्षित विकास कार्य नहीं करवाए गए, इसलिए अब उन्हें वार्ड बदलकर चुनाव लड़ना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जनता सब जानती है और वार्डवासी अपने बीच के व्यक्ति को ही प्रतिनिधित्व देने का निर्णय करेंगे।
परिवारवाद के मुद्दे पर विधायक को घेरा
हिमांशु महर्षि ने निर्दलीय विधायक पर भी राजनीतिक निशाना साधते हुए कहा कि ढाई वर्ष पूर्व विधानसभा चुनाव के दौरान परिवारवाद के खिलाफ बोलने वाले अब स्वयं अपनी बेटी और धर्मपत्नी को पार्षद चुनाव में मैदान में उतार रहे हैं। उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनाव कार्यकर्ताओं के राजनीतिक भविष्य का चुनाव है। यदि विधायक के परिवार के सदस्य ही पार्षद का चुनाव लड़ेंगे तो वर्षों से पार्टी और संगठन के लिए काम करने वाले कार्यकर्ताओं के लिए अवसर कहां रहेगा। उन्होंने कहा कि जनता पूरे राजनीतिक घटनाक्रम को देख रही है और समय आने पर वोट की चोट से जवाब देगी।
35 से अधिक पार्षद जीतने का दावा
महर्षि ने दावा किया कि नगर परिषद चुनाव में भाजपा 35 से अधिक पार्षदों के साथ बोर्ड बनाने में सफल होगी। उन्होंने वार्डवासियों से 11 सितंबर को भाजपा के पक्ष में मतदान कर उन्हें विजयी बनाने की अपील की। कार्यालय उद्घाटन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार तेज करने और घर-घर संपर्क अभियान चलाने का संकल्प लिया।
