– विधायक गणेश राज बंसल बोले7बिना भेदभाव कराया शहर का विकास, प्रत्याशी ने गिनाईं वार्ड की प्राथमिकताएं
हनुमानगढ़। जंक्शन के वार्ड नंबर 10 से टीम गणेश राज बंसल के निर्दलीय प्रत्याशी नवीन बाकोलिया के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन निर्दलीय विधायक गणेश राज बंसल की ओर से किया गया। कार्यालय उद्घाटन कार्यक्रम में प्रत्याशी के समर्थन में बड़ी संख्या में वार्डवासी जुटे। वार्डवासियों ने नवीन बाकोलिया को भारी मतों से विजयी बनाकर नगर परिषद में भेजने का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक गणेश राज बंसल ने कहा कि वर्ष 2019 में जनता के आशीर्वाद से वे नगर परिषद सभापति बने थे। उस समय वार्ड नंबर 10 से सुलोचना कण्डा पार्षद चुनी गई थीं।

उन्होंने कहा कि सभापति के रूप में शहर के सभी वार्डों में बिना किसी राजनीतिक भेदभाव के विकास कार्य करवाए गए। भाजपा, कांग्रेस और निर्दलीय पार्षदों के वार्डों को समान रूप से विकास कार्यों में प्राथमिकता दी गई। बंसल ने कहा कि पहले और वर्तमान हनुमानगढ़ की स्थिति की तुलना करने पर शहर में हुए विकास का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि कभी गांव जैसा नजर आने वाला जिला मुख्यालय आज ‘मिनी चंडीगढ़’ के रूप में विकसित हो चुका है।
बाबा दीपसिंह मार्ग से लेकर अंडरपास तक गिनाए विकास कार्य
विधायक ने कहा कि विकास कार्यों के तहत अम्बेडकर चौक से वार्ड नंबर 10 की ओर आने वाली सड़क का पुनर्निर्माण करवाने के साथ डिवाइडर का निर्माण कराया गया और इस मार्ग का नाम बाबा दीपसिंह मार्ग रखा गया। उन्होंने बताया कि मोहल्ले से हाउसिंग बोर्ड की ओर जाने वाले मार्ग पर अंडरपास का निर्माण भी जल्द पूरा होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि अंडरपास बनने के बाद हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र से आवागमन सुगम होगा और इसका सकारात्मक प्रभाव मोहल्ले की कनेक्टिविटी के साथ-साथ प्लॉटों की कीमतों पर भी पड़ने की संभावना है।
पार्क, सड़क, नाली और मूलभूत सुविधाओं पर रहेगा फोकस
निर्दलीय प्रत्याशी नवीन बाकोलिया ने कहा कि यदि वार्ड की जनता उन्हें सेवा का अवसर देती है तो सबसे पहले वार्ड के पार्कों की स्थिति सुधारने का प्रयास किया जाएगा। पानी और बिजली सहित मूलभूत सुविधाओं से वंचित लोगों तक सुविधाएं पहुंचाने, पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने तथा सड़कों और नालियों का निर्माण करवाने को प्राथमिकता दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि वार्डवासियों की समस्याओं को उचित मंच पर मजबूती से उठाकर उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। बाकोलिया ने वार्डवासियों से अपील की कि वे 11 सितंबर को मतदान के दिन बहुमत से विजयी बनाकर उन्हें नगर परिषद में भेजें। उन्होंने कहा, “नवीन बाकोलिया सिर्फ आपकी आवाज बनने नहीं, बल्कि आपके सेवक के रूप में काम करने का संकल्प लेकर चुनाव मैदान में है।”
