– भाजपा प्रत्याशी शिवानी सोनू मीणा के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन, अमित चौधरी बोले-भाजपा का लक्ष्य केवल जीत नहीं, जनता की समस्याओं का समाधान
हनुमानगढ़। नगर परिषद चुनाव को लेकर वार्ड नंबर 16 गांधीनगर में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भाजपा प्रत्याशी शिवानी सोनू मीणा के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन भाजपा नेता अमित चौधरी, उनकी धर्मपत्नी ज्योती साहू सहित वार्डवासियों की मौजूदगी में किया गया। कार्यालय उद्घाटन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला। उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं वार्डवासियों ने एकजुट होकर भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में चुनाव प्रचार तेज करने का आह्वान किया।
नशामुक्त, भयमुक्त और भ्रष्टाचारमुक्त वार्ड का दावा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा नेता अमित चौधरी ने कहा कि गांधीनगर वार्ड को नशामुक्त, भयमुक्त और भ्रष्टाचारमुक्त बनाना भाजपा का प्रमुख ध्येय है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद में स्वच्छ एवं ईमानदार नेतृत्व स्थापित होने से शहर के विकास को नई गति मिलेगी।

उन्होंने वार्डवासियों से शहर में विकास की मजबूत नींव रखने और नगर परिषद में भाजपा का बोर्ड बनाने के लिए भाजपा प्रत्याशी शिवानी सोनू मीणा के पक्ष में मतदान करने की अपील की। चौधरी ने कहा कि भाजपा का उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं का समाधान कर वार्ड में बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। साफ-सफाई, सड़क, पानी, बिजली सहित नागरिक सुविधाओं में सुधार के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे।
शराब ठेका बंद करवाने का मुद्दा उठाया
भाजपा प्रत्याशी के पति एवं भाजपा नेता सोनू मीणा ने कहा कि यदि वार्ड की जनता शिवानी सोनू मीणा को अपना प्रतिनिधि चुनती है तो गांधीनगर के विकास के लिए पूरी निष्ठा से कार्य किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि वार्ड में मंदिर के समीप संचालित शराब के ठेके को बंद करवाया गया है। उन्होंने कहा कि यदि वार्डवासी चाहते हैं कि यह ठेका दोबारा शुरू नहीं हो और गांधीनगर को नशामुक्त वार्ड के रूप में विकसित किया जाए तो भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान कर उन्हें विजयी बनाएं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता के सम्मान और सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। विकास के साथ वार्ड के सामाजिक वातावरण को बेहतर बनाना भी प्राथमिकता रहेगी।
समर्थन में एकजुट होने का संकल्प
कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं एवं वार्डवासियों ने प्रत्याशी शिवानी सोनू मीणा के समर्थन में एकजुट होकर अधिक से अधिक मतदान भाजपा के पक्ष में करवाने का संकल्प लिया। कार्यालय उद्घाटन के दौरान बड़ी संख्या में वार्डवासी एवं भाजपा समर्थक मौजूद रहे।
