– पूर्व कांग्रेस पार्षद इस बार निर्दलीय मैदान में, टिकट नहीं मिलने पर विधायक गणेश राज बंसल पर साधा निशाना; बोले-जनता चुनाव में देगी जवाब
हनुमानगढ़। नगर परिषद हनुमानगढ़ के चुनावी रण में पूर्ववर्ती बोर्ड में कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में जीत दर्ज करने वाले पूर्व पार्षद अब्दुल हाफिज इस बार निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतरे हैं। हाफिज का कहना है कि उन्होंने अपने पांच साल के कार्यकाल में वार्ड में ऐसे विकास कार्य करवाए, जो पिछले 20 वर्षों में भी नहीं हो पाए। अब वे इन्हीं कार्यों को अपनी उपलब्धि बताते हुए एक बार फिर जनता से समर्थन मांग रहे हैं। अब्दुल हाफिज ने कहा कि पार्षद रहते उनका प्रयास रहा कि वार्डवासियों की प्रत्येक जायज मांग को पूरा किया जाए। उनके अनुसार वार्ड में सुंदर पार्क, सामुदायिक केंद्र के पास हॉस्पिटल, मदरसे में कमरा, इंटरलॉकिंग कार्य तथा सीसी सड़कों का निर्माण करवाया गया। उन्होंने दावा किया कि वार्ड में सड़कें लेवल के अनुसार बनवाई गईं, जिससे बारिश के दौरान जलभराव की समस्या नहीं रहती। उन्होंने कहा कि पांच साल में जनता के सहयोग से करवाए गए विकास कार्यों से वार्डवासी संतुष्ट हैं। इन्हीं कार्यों के दम पर वे दोबारा चुनाव मैदान में हैं और जनता से अपने कार्यों के आधार पर वोट मांग रहे हैं।
टिकट नहीं मिलने पर विधायक पर साधा निशाना
हाफिज ने निर्दलीय विधायक गणेश राज बंसल पर टिकट को लेकर नाराजगी जताते हुए कहा कि उनके साथ ऐसा व्यवहार किया गया, जैसे दूध से मक्खी निकालकर फेंक दी जाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि टिकट को लेकर पहले सहमति जताई गई, लेकिन करीब दो घंटे बाद ही उनका टिकट रिजेक्ट कर दिया गया। हाफिज ने कहा कि उन्होंने कांग्रेस से नाता तोड़कर निर्दलीय विधायक का साथ दिया था, इसके बावजूद टीम गणेश राज बंसल की ओर से उन्हें टिकट नहीं दिया गया। ऐसे में उन्हें निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरना पड़ा। उन्होंने इसे अपने साथ ही नहीं, बल्कि जनता के साथ भी धोखा बताया और कहा कि चुनाव परिणाम में जनता इसका जवाब देगी।
‘समय नहीं होने’ के आरोप पर भी दिया जवाब
अब्दुल हाफिज ने कहा कि वे किसी पर आरोप-प्रत्यारोप नहीं करना चाहते, लेकिन कुछ लोग यह कह रहे हैं कि उनके पास वार्ड के लिए समय नहीं है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि उनके पास समय नहीं होता तो पांच वर्षों में इतने विकास कार्य कैसे करवाए जाते। उन्होंने कहा कि जनता उनके कार्यकाल के दौरान हुए कामों को देखे और उसके बाद ही मतदान का निर्णय करे।
सड़क निर्माण और मदरसे के पट्टे को प्राथमिकता
हाफिज ने कहा कि चुनाव जीतने पर डब्बरवाला स्कूल की ओर जाने वाली सड़क का निर्माण उनकी प्राथमिकता रहेगी। इसके अलावा मदरसे का पट्टा बनवाने, वार्ड को स्वस्थ एवं साफ-सुथरा बनाने तथा मौजूदा सुविधाओं को और बेहतर करने के लिए काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि फिलहाल उनका पूरा ध्यान चुनाव जीतने पर है। जीत के बाद कांग्रेस के साथ जाएंगे या नहीं, इसका निर्णय उसी समय किया जाएगा। उन्होंने वार्डवासियों से अपील की कि वे पिछले पांच वर्षों में हुए विकास कार्यों को आधार बनाकर मतदान करें।
